सड़क हादसे में मृत छात्रा श्रुति। फाइल फोटो
स्कूटी से स्कूल जा रही इंटर की छात्रा तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान छात्रा की सांसें थम गईं। जानकारी पर परिजन रोने-बिलखने लगे। हादसे में बाद पिकअप लेकर चालक भाग निकला।
लालगंज कोतवाली के माधव सिंह का पुरवा पूरे तिलकराम निवासी राजेश वर्मा सांगीपुर ब्लाॅक के उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक व मां सुदामा देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। उनकी पंद्रह वर्षीय पुत्री श्रुति धधुआ गाजन स्थित आइंस्टीन पब्लिक स्कूल में कक्षा बारह की छात्रा थी।
बृहस्पतिवार को सुबह श्रुति स्कूटी से स्कूल जा रही थी। रास्ते में भवराम बोझी गांव में नहर की पुलिया पर पिकअप डाला ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा श्रुति गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर स्कूल के शिक्षक पहुंचे और छात्रा को उपचार के लिए लालगंज ट्रामा सेंटर ले आए।
यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने छात्रा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक छात्रा दो भाई व एक बहन थी। शिक्षक के पुत्री की मौत होने पर संतोष मिश्र, विष्णु सिंह, प्रदीप पांडेय, वीरेश सिंह, संजीव द्विवेदी, नवीन शुक्ल, लाल प्रताप सिंह आदि ने घर पहुंचकर संवेदन व्यक्त की।
प्रभारी निरीक्षक अवन कुमार दीक्षित ने बताया कि शव पीएम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।