जिले के सभी स्कूलों में अब नौ बजे से पढ़ाई होगी। प्राइमरी और मिडिल स्कूल पूरे शिक्षासत्र में सुबह नौ बजे खुलेंगे और तीन बजे बंद होंगे, जबकि हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह सात बजे से 12 बजे तक पठन-पाठन होगा। कान्वेंट स्कूलों की तर्ज पर अब माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में सुबह नौ बजे से पढ़ाई होगी। अभी तक इन स्कूलों के खुलने का समय 10 बजे से शाम 4 बजे तक था। शासन ने शिक्षासत्र सुधारने की दिशा में पहल करते हुए कान्वेंट स्कूलों की तर्ज पर माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों का समय भी परिवर्तित कर दिया है। नए शिक्षासत्र का शुभारंभ एक अप्रैल से होगा। शैक्षिक सत्र का समापन 31 मार्च को होगा। एक अक्तूबर से फरवरी माह तक स्कूल 9 बजे से शाम 3 बजे तक खुले रहेंगे, जबकि एक मार्च से सितंबर तक सुबह सात से बारह बजे तक पठन-पाठन होगा।
इधर बेसिक शिक्षा विभाग ने भी माध्यमिक स्कूलों की तरह प्राइमरी और मिडिल स्कूलों का शैक्षिक सत्र सुधारने की दिशा में कदम उठाते हुए स्कूल समय में परिवर्तन किया है। नए शासनादेश के मुताबिक प्राइमरी और मिडिल स्कूल अब वर्ष भर सुबह नौ बजे खुलेंगे और तीन बजे बंद हो जाएंगे। शासन के नए सर्कुलर में एक अप्रैल से सभी स्कूलों को नौ बजे खुलने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में गर्मी के दिनों में 7 से 12 बजे तक पढ़ाई होती थी। बीएसए एसटी हुसैन ने बताया कि शासन के नए आदेश में पूरे शिक्षासत्र में सुबह 9 से 3 बजे तक पठन-पाठन का निर्देश दिया गया है।
गर्मी के दिनों में स्कूल का समय बदलने की मांग कर रहे प्राथमिक शिक्षक संघ के नेताओं ने चेतावनी दी है, कि अगर जल्द ही स्कूलों का समय नहीं बदला गया तो शिक्षक आंदोलन को बाध्य होंगे। संघ के अध्यक्ष रमाशंकर शुक्ल और जिलामंत्री विनय कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षक गर्मी के दिनों में स्कूल का समय 7.30-12.30 करने मांग कर रहे हैं।