प्रतापगढ़/रानीगंज/मांधाता। जिले के निजी स्कूल संचालक खुद को सरकार से भी ऊपर समझने लगे हैं। देश में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए मुख्यमंत्री के सभी स्कूलों को बंद करने के निर्र्देशों की निजी स्कूल संचालक धज्जियां उड़ा रहे हैं। जिले के कई विद्यालय खुले हुए हैं और बाकायदा कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। स्कूलों में कोरोना से बचाव के मुकम्मल इंतजाम भी नहीं हैं। बदइंतजामी के बीच जिले में निजी स्कूलों का संचालन हो रहा है।
स्कूलों में बगैर मॉस्क लगाए ही बच्चे एक साथ बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। सोमवार को रानीगंज, मांधता और शहर के कई स्कूल खुले रहे। उधर, इसकी शिकायत मिलने के बाद बीएसए ने सभी विद्यालयों को दोबारा पत्र जारी कर स्कूल बंद करने के लिए कहा है। चेतावनी दी है कि ऐसा न करने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही मान्यता वापस ले ली जाएगी।
सोमवार को रानीगंज तहसील क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव स्थित सुशीला हीरालाल बालिका इंटर कालेज खुला रहा। सुबह 11.00 बजे कालेज की कक्षाएं संचालित हो रही थीं। क्लास में कोरोना से बचाव को लेकर कोई सतर्कता नहीं थी। एक डेस्क पर चार छात्राएं बैठी हुई थीं। किसी भी छात्रा ने मॉस्क नहीं लगाया था। बगैर किसी बचाव व सुरक्षा के बच्चे कक्षाओं में पढ़ाई करते रहे। इतना ही नहीं, कालेज में हाथ धुलने की भी मुकम्मल व्यवस्था नहीं थी। न ही सिनेटाइजर ही उपलब्ध मिला। गौरा ब्लाक स्थित डीसीएम पब्लिक स्कूल भी खुला रहा। बच्चे बगैर मॉस्क के ही क्लास में बैठे मिले। कोरोना से बचाव की कोई व्यवस्था नहीं थी। यही हाल मांधाता क्षेत्र के सनराइज कांवेंट एवं इंटर मीडिएट कालेज का रहा।
सुबह 11.20 बजे विद्यालय की सभी कक्षाएं संचालित हो रही थीं। छात्र-छात्राएं बगैर मॉस्क के ही पढ़ाई कर रहे थे। सीटिंग प्लान कोरोना से बचाव के बिल्कुल इतर था। हाथ धुलने की कोई व्यवस्था नहीं थी न ही सेनेटाइजर मिला। मांधाता क्षेत्र के पर्वतपुर स्थित सीएलजी इंटर कालेज भी खुला पाया गया। सुबह 11.40 बजे विद्यालय में कक्षाएं संचालित हुईं। कक्षाओं में बगैर मास्क के ही बच्चे क्लास लेते दिखे।
कोचिंग संचालकों पर भी आदेश का असर नहीं
बीरापुर। क्षेत्र के हरपुरसौंध स्थित न्यू विजडम इंस्टीट्यूट सोमवार को खुला रहा। आदेश का कोई असर नहीं दिखा। दिनभर क्लास चलती रही। मगर संस्थान में क्लास करने आए बच्चे मॉस्क नहीं लगाए थे। न ही सेनेटाइजर की कोई व्यवस्था थी।
22 मार्च तक स्कूल व कालेजों को बंद करने का आदेश दिया गया है। रानीगंज में कालेजों के संचालन की जानकारी होने पर तत्काल ही उन्हें बंद कराया गया। संचालक से फोटो मंगाकर पुष्टि की गई। जो विद्यालय संचालक आदेश का अनुपालन नहीं करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
एडीआईओएस डा. संतोष सिंह