अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर स्थित गोड़े गांव के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार सफारी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
गंभीर हालत में घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सफारी में रखी रायफल भी दो टुकड़ों में बंट गई। दुर्घटना के बाद गाड़ी में आग लग गई। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
जौनपुर जनपद के सिगरामऊ थाना क्षेत्र के बरैया निवासी बृजेश सिंह (36) पुत्र स्व. लालबहादुर सिंह गुरुवार को किसी काम से हाईकोर्ट प्रयागराज गए थे। उनके परिवार के ही लोग पट्टी कस्बे में एक तिलकोत्सव में शामिल होने आए थे।
इसकी जानकारी होने के बाद बृजेश प्रयागराज से सीधे पट्टी पहुंचे। तिलकोत्सव में शामिल होने के बाद देर रात अपने गांव के ही विक्रम सिंह (35) पुत्र लल्लू सिंह व राजन शर्मा (30) के साथ वह प्रतापगढ़ के कोहड़ौर थाना के चंदौका में स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे।
गोड़े के पहले राजपूत ढाबा पर रुककर साथियों के साथ बृजेश ने खाना खाया। इसके बाद वह कोहड़ौर के लिए चल पड़े। अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर गोड़े गांव के पास उनकी सफारी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखचे उड़ गए। गाड़ी में आग लग गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सफारी में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला।
खबर पाकर कोतवाली पुलिस के साथ ही एंबुलेंस भी पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने बृजेश को मृत घोषित कर दिया। विक्रम सिंह व राजन शर्मा की हालत गंभीर देखकर प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया।
उधर, हादसे के बाद मौका पाकर चालक ट्रक लेकर कोहड़ौर की ओर भाग निकला। पुलिस ने बृजेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रायफल सीज, गाड़ी में मिले 67 हजार रुपये पुलिस ने लौटाए
हादसे के बाद सफारी में रखी बृजेश सिंह की रायफल दो टुकड़ों में बंट गई। कोतवाली पुलिस ने उसे सीज कर दिया। गाड़ी में बृजेश सिंह 50 हजार रुपये रखे थे। इसके अलावा उनकी जेब से 17 हजार रुपये पंचायतनामा भरे जाने के दौरान मिले। पुलिस ने 67 हजार रुपये बृजेश सिंह के परिजनों को लौटा दिए।
.गोंड़े में सडक़ हादसे में मृत बृजेश सिंह। फाइल फोटो- फोटो : PRATAPGARH
नगर कोतवाली के गोंड़े गांव में हुए सडक़ हादसे में मृत युवक बृजेश के पोस्टमार्टम के दौरान जुटी भीड- फोटो : PRATAPGARH
नगर कोतवाली के गोंड़े में ट्रक से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त सफारी।- फोटो : PRATAPGARH