चेकिंग के दौरान सोमवार को पकड़ी गई स्कूली बस को लेकर हुए हंगामे की जांच करने मंगलवार को प्रयागराज से संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन बिहारगंज पहुंचे। स्कूल की शिक्षिकाओं का बयान दर्ज कर वह लौट गए। उनके कार्यालय आने की भनक लगते ही बाहर सन्नाटा पसर गया।
एआरटीओ प्रवर्तन दिलीप गुप्ता सोमवार दोपहर बिहारगंज स्थित एक स्कूल की बस को चेकिंग के दौरान पकड़कर कार्यालय ले गए। जहां बस में बैठे स्कूली बच्चों को लेकर कुछ लोगों ने हंगामा किया था। बाद में उसी बस से बच्चों को घर भेजा गया। बस का परमिट, बीमा, फिटनेस नहीं मिलने पर कार्यालय लाकर सीज करते हुए 40 हजार रुपये का जुर्माना ठोंका गया। कॉलेज संचालक को नोटिस भेजकर वाहन के प्रपत्र दुरुस्त कराने को कहा गया। स्कूल संचालक की ओर से हंगामा करने वाले अंकुर सिंह के खिलाफ पुलिस को तहरीर भी दी गई थी। कुछ लोगों ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से भी की।
प्रकरण की जांच करने मंगलवार को प्रयागराज के संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. संजीव गुप्ता जनपद पहुंचे। वह बिहारगंज स्थित स्कूल पहुंचकर शिक्षिकाओं का बयान दर्ज किए। स्कूल प्रबंधक से भी मामले की जानकारी ली। हालांकि जांच में शिक्षिकाओं ने कहा कि करीब बीस मिनट तक कार्यालय में बस खड़ी थी। एआरटीओ दूसरे वाहन का प्रबंध करा रहे थे। इस बीच एक व्यक्ति पहुंचकर हंगामा करने लगा। उन्होंने कहा कि एआरटीओ को निर्देश दिया गया है कि स्कूली बस की जांच के दौरान बच्चों के बैठे होने पर बाद में वाहन पर कार्रवाई की जाए। विभागीय अधिकारियों से भी मामले की जानकारी ली। स्कूल संचालक के शिकायती पत्र की जांच एआरटीओ चौकी प्रभारी कर रहे हैं।
231 वाहनों का पंजीयन हो चुका है निलंबित
एआरटीओ कार्यालय में 1419 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं, जिसमें 629 वाहनों का फिटनेस फेल है। विद्यालय संचालकों को वाहनों के प्रपत्र सही कराने के लिए कई बार नोटिस भेजा गया। करीब एक माह पहले 231 स्कूली वाहनों का पंजीयन निलंबित हो चुका है। जिसमें सीज की गई स्कूली बस भी शामिल है। एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता का कहना है कि यदि बिना मानक स्कूली वाहन मिलते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए डीआईओएस व बीएसए को पत्र भेजा जाएगा।
सड़क पर फर्राटा भर रहे अनफिट वाहन
तमाम दावों व कार्रवाई के बावजूद सड़कों पर अनफिट वाहन फर्राटा भर रहे हैं। सोमवार को स्कूली बस पकड़ने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिवहन आयुक्त ने पूरे प्रदेश में अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई का आदेश पहले ही दे चुके हैं।