जिले के प्रतिभावान छात्रों के लिये अच्छी खबर है। प्रौद्योगिकी शिक्षा के क्षेत्र में यहां के लोगों को एक नया मुकाम हासिल होगा। रोबोट बनाने की तकनीकी से लेकर चलाने तक की जानकारी के लिये एक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें लोगों की प्रतिभाएं निखरकर सामने आयेगी। ऐसे लोगों को पढ़ाने और उनको इस क्षेत्र में ज्ञानवर्धक जानकारी देने का बीड़ा आईआईटी खड़गपुर के छात्रों ने उठाया है। इस संबंध में वे 26 फरवरी को एक बैठक सूर्या पैलेस रेलवे स्टेशन में करने जा रहे हैं। जिसमें ये छात्र कार्यशाला के माध्यम से रोबोटिक्स डेवलपमेंट का प्रदर्शन करेंगे।
जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बस उनको जरूरत है तो सहारे और सपोर्ट की। उसके बाद ये लोग खुद बा खुद अपनी मंजिल पाने मेें सक्षम हो जायेंगे। कई प्रतिभाओं ने अपने हुनर और मेहनत के बदौलत देश देश और विदेशों में जिले का नाम रोशन कर रही हैं। आईटी खड़गपुर के छात्रों की रैंकथान स्टार्टअप चालीस छात्रों का ग्रुप है, जो प्रौद्योगिकी रूप से पिछड़ेे इस जिले की प्रतिभाओं का खोजकर उनको उनका मुकाम हासिल करने में मदद को आगे आया है।
रैंकथान के सदस्य और प्रतापगढ़ के रहने वाले अभिषेक सिंह ने बताया कि यह जिला प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है। जिले को इस क्षेत्र में पहचान मिले और यहां के छात्रों को विश्वस्तरीय रोबोटिक्स, वेब और गेम डेवलपमेंट की जानकारी देने के लिये कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस सिलसिले में एक बैठक 26 फरवरी को दिन में 11 बजे सुधर्मा शैक्षणिक एवं कल्याण समिति सूर्या पैलेस रेलवे स्टेशन रोड कार्यालय पर होगी। उन्होंने बताया कि उनके साथियों का एक ग्रुप है जिसमें एक सौ चालीस आईआईटी के छात्र हैं। वे सभी लोग जिले के कई कालेजों में एक-एक कार्यशाला का आयोजन करेंगे।
जिसमें छात्रों को रोबोटिक्स के बारे में जानकारी दी जायेगी। उन्होंने बताया कि चूंकि वे मूलत: प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं और प्रभात एकेडमी से पास आउट भी है इसलिए चाहते हैं कि यहां के प्रतिभावान और होनहार छात्रों को रोबोट जैसी तकनीकी के बारे में कुछ बता सकें। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में लगन रखने वाले और पढ़ने वाले बच्चों को निशुल्क ट्यूशन भी देंगे। आने वाले समय में अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो प्रतापगढ़ रोबोटिक्स, वेब और गेम डेवलपमेंट का एक हब बनेगा। कार्यशाला के लिये शहर के कई स्कूलों में बात की जा रही है।