नवरात्र व दशहरा के पहले शहर के खस्ताहाल सड़कों की सूरत बदलेगी। इसके अलावा शहर को जगमग करने के लिए 500 से अधिक लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही पेयजल समेत अन्य समस्याओं को दूर करने की तैयारी नगर पालिका ने प्रारंभ कर दी है ताकि भरत मिलाप पर लोगों को दिक्कत न हो। इस सब की तैयारियों में नगर पालिका प्रशासन जुटा है।
शहर की प्रमुख 12 सड़कों को दशहरा और भरत मिलाप से पहले चकाचक करने के लिए नगर पालिका की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए चेयरमैन प्रेमलता सिंह ने आठ सितंबर को बोर्ड की बैठक बुलाई है।
सभासदों से पर्व पर शहर को जगमग करने से लेकर सड़कों को दुरुस्त करने व पेयजल व्यवस्था बेहतर करने पर सुझाव लिए। ताकि आंबेडकर चौराहे से जेल रोड, भंगवा चुंगी से पुलिस लाइन के अलावा बारिश में उखड़ीं सड़कों की मरम्मत हो सके।
शहर में पुरानी लाइटें काफी दिनों से खराब पड़ी हैं। ऐसे में करीब 500 से अधिक स्ट्रीट लाइट लगवाने की तैयारी है। ताकि त्योहार पर पूरा शहर रोशनी से जगमग दिख सके। भरत चौक घंटाघर को बेहतर तरीके से सजाने पर बैठक में चर्चा हुई।
चेयरमैन प्रेमलता सिंह ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए बारिश के चलते खराब हुई सड़कों की मरम्मत समेत अन्य कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए बोर्ड की बैठक भी बुलाई गई ताकि सभासदों के सुझाव से शहर का बेहतर विकास किया जा सके।