नगरपालिका व नगर पंचायतों में सोमवार को जनसुनवाई के दौरान जल निकासी, रास्ते व बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों से जुड़ी शिकायतें अधिक रहीं। किसी ने जल निकासी व अधूरे पड़े रास्ते की वजह से आवागमन के दौरान हो रही समस्या को बयां किया तो किसी ने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराकर गलियों के अंधेरे को दूर करने की मांग की।
सुबह करीब 11.15 बजे नगरपालिका कार्यालय में ईओ राकेश कुमार जनसुनवाई कर रहे थे। इसी बीच शिवजीपुरम निवासी प्रदीप शुक्ल शिकायती पत्र लेकर पहुंचे। कहा कि अभी तक स्ट्रीट लाइट दुरुस्त नहीं हुई। शाम होते ही गली में अंधेरा छा जाता है, एक सप्ताह पहले भी आया था लेकिन अब तक कुछ नहीं हो सका। ईओ ने कहा कि जल्द नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी।
वहीं, रंजीतपुर चिलबिला के दिनेश ने अधूरी सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की। कहा कि बारिश में सड़क पर चलना दूभर हो गया है। इसका निस्तारण कराया जाए। ईओ ने बताया कि सड़क को लेकर कुछ विवाद है, जल्द ही निस्तारण कराकर निर्माण पूरा कराया जाएगा। जनसुनवाई में सोमवार को महज पांच शिकायतें आई थीं। तीन का ही निस्तारण किया गया।
बंद पड़ी है स्ट्रीट लाइट
पृथ्वीगंज। नगर पंचायत पृथ्वीगंज में तीन शिकायतें आईं। पृथ्वीगंज बाजार के नंदलाल, भुइदहा के गुलाब व शंकरगंज के राकेश कुमार ने स्ट्रीट लाइट मरम्मत कराए जाने की मांग की। ईओ ऋचा यादव ने बताया कि तीन प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए थे। तीनों का समाधान करा दिया गया है।
किसे सुनाएं अपना दर्द
कटरामेदनीगंज। नगर पंचायत नगर पंचायत सिटी प्रतापगढ़ कार्यालय में कोई शिकायत सुनने वाला नहीं था। सुबह 11 बजे पूछने पर पता चला कि लिपिक सुधा की तबीयत खराब है, यहां का प्रभार अधिशाषी अधिकारी राकेश कुमार के पास है। उनकी तैनाती नगर पालिका में है।
रितिक निर्मल ने बताया कि हमारे घर के सामने की नाली तीन माह से टूटी पड़ी है। दरवाजे तक गंदा पानी आ जा रहा है। मालियान टोला निवासी भल्लू ने बताया कि नाला खुला पड़ा है, सफाई नहीं होती है। पानी की निकासी हो नहीं हो पा रही है।