नगरपालिका के विस्तारित क्षेत्र शुकुलपुर में कच्चा रास्ता। संवाद
शहर के विस्तारित क्षेत्र की सड़कें और पगडंडिया चकाचक होने वाली हैं। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नगर पालिका की टीम ने सर्वे कर 17 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है। इसमें 63 कच्ची सड़कों और पगडंडियों को आरसीसी रोड में तब्दील किया जाएगा। जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है। सड़क बनने के बाद लोगों का आवागमन आसान होगा।
वर्ष 2019 में शहर का विस्तार हुआ था। इसमें पूरे ईश्वरनाथ, पूरे केशवरराय, देवकली, रूपापुर, पूरे नरसिंहभान, सोनावां, बराछा, जिरियामऊ सहित दर्जन भर गांव शामिल हुए थे। शहर की आबादी एक लाख से बढ़कर 1.25 लाख हो गई।
विस्तारीकरण के बाद इन परिक्षत्रों में आबादी ने बसना शुरू किया। नए मकान, कॉलोनियां बनीं लेकिन मूलभूत सुविधाएं आबाद न हो सकीं। क्षेत्र में रास्ते की दरकार थी। पगडंडियाें से चलना दूभर था। बारिश में आने-जाने में दिक्कत होती थी। जलभराव और गंदे पानी के जमाव से बीमारियों का खतरा बढ़ता था।
इन सब समस्याओं से लोगों को राहत देने के लिए नगरपालिका की टीम ने एक माह पहले शहर के विस्तारित क्षेत्रों का सर्वे कर ने आरसीसी रोड के लिए 17 करोड़ की कार्ययोजना तैयार की है।
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत 63 आरसीसी रोड बनाए जाने का प्रस्ताव पिछले सप्ताह शासन को भेजा। ईओ राकेश कुमार ने बताया कि विस्तारित क्षेत्र के कच्चे रास्ते पर जल्द आरसीसी रोड बनाई जाएगी। प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।