अमांवा चौराहे पर गुरुवार की देर रात रोड रोलर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही बाद में रोलर को कब्जे में ले लिया। मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के कैरा निवासी उदय प्रताप सिंह (45) पुत्र शिवप्रसाद सिंह गुरुवार को किसी काम से लालगंज आया था। रात करीब दस बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। कोतवाली के अमावां चौराहे के समीप सांगीपुर की ओर से आ रहे रोड रोलर से उसकी भिड़ंत हो गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर प्रभारी कोतवाल अमित कुमार पांडेय पहुंचे लेकिन तब तक रोलर का चालक भाग निकला। पुलिस ने शव की सीएचसी लालगंज भेजवाया और रोड रोलर को कब्जे में ले लिया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की जानकारी पर बिलखते हुए परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने देर रात शव का पंचनामा कर उसे पीएम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के भाई राकेश कुमार सिंह की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर रोड रोलर के चालक की तलाश की जा रही है।