रानीगंज के भवानीगढ़ में ट्रक की चपेट में आने से मृत युवक के बिलखते परिजन।
- फोटो : PRATAPGARH
बाइक से घर लौट रहे राइस मिल संचालक संपूर्णानंद तिवारी (44) को बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलने पर घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतनपुर थाना क्षेत्र के गौरा कुटाही निवासी संपूर्णानंद तिवारी की घर के करीब ही राइस मिल है। मंगलवार को वह किसी काम से ब्लाक गए थे। इस दौरान वह महिंद्रा फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले साथी अखिलेश तिवारी को उसके घर मुबारकपुर छोड़ने चले गए।
अखिलेश को घर पहुंचाने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। रानीगंज के भवानीगढ़ के करीब सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। आसपास के लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव को देखते ही परिजन लिपटकर बिलखने लगे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांच बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
फतनपुर थाना क्षेत्र के गौरा निवासी संपूर्णानंद तिवारी के दो बेटे व तीन बेटियां हैं। उनकी मौत से बड़ी बेटी रुचि तिवारी, क्षमा तिवारी, बेटा आनंद तिवारी, अनुभव तिवारी व सबसे छोटी बेटी साक्षी तिवारी के साथ ही पत्नी रानी तिवारी का रो-रो कर बुरा हाल रहा। पांच बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया। घटना से गांव में भी मातम पसरा रहा।