लालगंज। तहसील के कुंभीआइमा गांव में फसल बर्बादी के सदमे से हुई किसान की मौत की जांच के लिए राजस्व कर्मी गांव पहुंचे। प्रशासन अब भी यह मानने के लिए तैयार नहीं है कि उसकी मौत सदमे से हुई है। घटना के दिन शाम तक पुलिस प्रशासन के नहीं पहुंचने पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। एसडीएम के मुताबिक अभी तक परिजनों की तरफ से कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है।
लालगंज तहसील में उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरे मिया, कुंभीआइमा गांव में बीते बुधवार को किसान रामअधार पाल (40) की फसल बर्बादी के सदमे से मौत हो गई। वह खेत में धान की फसल देखने गया था। घटना के दिन देर शाम तक तहसील प्रशासन व पुलिस के नहीं पहुंचने पर परिजनाें ने किसान के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इसकी जानकारी जिला प्रशासन को हुई तो हड़कंप मच गया।
जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी के निर्देश पर लालगंज एसडीएम ने कानूनगो चंद्रकांत पांडेय और लेखपाल लालता प्रसाद यादव को जांच के लिए भेज दिया। घटना के दूसरे दिन राजस्व कर्मियों ने गांव पहुंचकर परिजनों व गांव वालों से रामअधार की मौत की बावत पूछताछ की। गांव से जानकारी लेने के बाद राजस्व कर्मियों की टीम लौट आई। टीम ने एसडीएम को अपनी रिपोर्ट दे दी है। एसडीएम वाईबी सिंह का कहना है कि अभी तक परिजनों ने लिखित रूप से कुछ नहीं दिया है। यदि प्रार्थना पत्र मिलता है तो देखा जाएगा कि क्या सहायता हो सकती है।
जलेशरगंज (ब्यूरो)। अनियंत्रित बाइक पलटने से तीन लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। लालगंज कोतवाली के बेलहा कान का पुरवा निवासी पवन कुमार प्रजापति के यहां संग्रामगढ़ इलाके के पुरमई सुलतानपुर से रिश्तेदार संजय प्रजापति व पूरे फत्ते ढिंगवस के दुर्गेश प्रजापति आए थे। गुरुवार की शाम तीनों बाइक से वर्मा नगर चौराहे पर दुर्गा पूजा देखकर लौट रहे थे। रास्ते में भेभौरा गांव के समीप बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में घायल तीनों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से लालगंज सीएचसी लाया गया। यहां हालत नाजुक देख संजय प्रजापति को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य दोनों घायलों को सीएचसी से इलाज के बाद घर भेज दिया गया।