मंगलवार को डीआईओएस ने चार कालेजों का निरीक्षण किया। इस दौरान कालेजों की व्यवस्था की पोल खुल गई। कालेजों में कहीं गिनती भर के बच्चे मिले तो कहीं एक भी नहीं मिले। विद्यालयों मेें मिड डे मील नहीं बन रहा था। शिक्षक भी अनुपस्थित पाए गए। डीआईओएस ने अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन काटने के साथ ही अव्यवस्था पर स्पष्टीकरण मांगा है।
मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे डीआईओएस एसपी यादव ने मोहनगंज स्थित इंटर कालेज साहबगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षा 6 से 10 तक महज 5 छात्र मिले। शिक्षक एक जगह बैठे मिले। शिक्षक डायरी अपूर्ण थी। डीआईओएस ने प्रधानचार्य को व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया। इसी तरह 10.15 बजे वह पीबी इंटर कालेज पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक अरुण कुमार सिंह, प्रमोद कुमार रावत, अखिलेश कुमार सिंह बिना किसी प्रार्थना पत्र के ही अनुपस्थित रहे। कक्षा का संचालन अलग-अलग नहीं पाया गया।
शिक्षक एक जगह बैठे मिले। कक्षा 9 और 10 में 18, कक्षा 8 में 2, कक्षा 12 मात्र एक छात्र पाया गया। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य से कालेज के अनुपस्थित शिक्षकों का स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। 10.25 पर डीआईओएस ने इंटर कालेज साहबगंज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षण कक्ष के ब्लैक बोर्ड पर 21 जनवरी 2019 लिखा पाया गया। कोई भी छात्र विद्यालय नहीं आया था।
शिक्षक सदाशिव पांडेय, अनिल प्रताप सिंह, अशोक कुमार, निशाकांत पांडेय, उमेश पांडेय, सुशील कुमार, सुशील भटनागर, मनोज पाडेय, आशुतोष पांडेय, रज्जन लाल अनुपस्थित पाए गए। मध्याह्न भोजन नहीं शुरू हो सका था। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य से अनुपस्थित शिक्षकों का स्पष्टीकरण मांगा, वेतन काटने का निर्देश दिया। इसी तरह 10.58 बजे डीआईओएस इंटर कालेज तेजगढ़ पहुंचे। विद्यालय में डा. कमलाकांत त्रिपाठी प्रधानाचार्य एवं रमापति मिश्र सहायक अध्यापक अनुपस्थित रहे।