प्रतापगढ़ जंक्शन पर अब प्लेटफार्म की कमी से ट्रेनों को आउटर पर नहीं रोकना पड़ेगा। स्टेशन पर चार और पांच नंबर दो नए प्लेटफार्म बनाए जा रहे हैं। नए प्लेटफार्मों की लंबाई भी ज्यादा होगी। इन पर 26 कोच वाली ट्रेनों का ठहराव किया जाएगा। पूर्व में बने प्लेटफार्मों के छोटे होने के कारण लंबी ट्रेनों की कई बोगियां बाहर खड़ी होती हैं।
इससे यात्रियों को चढ़ने और उतरने में दिक्कत होती है। कई बार लोग गिर भी जाते हैं। प्लेटफार्म की कमी के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी भी बढ़ जाती है। प्लेटफार्म फुल होने के कारण ट्रेनों को आउटर पर रोकना पड़ता है। इससे यात्री परेशान होते हैं। मगर अब यह समस्या जल्द ही दूर हो जाएगी।
सांसद हरिवंश सिंह के प्रयास से प्रतापगढ़ जंक्शन पर दो नए प्लेटफार्मों का निर्माण शुरू हो गया है। नया फुट ओवरब्रिज भी बनकर तैयार हो गया है। स्टेशन की सूरत बदलने के लिए रेलवे एक से तीन नंबर प्लेटफार्म के टीनशेड बदलवाने के साथ ही टाइल्स लगवा रहा है। इससे रेलवे स्टेशन बदला- बदला नजर आएगा।
जल्द शुरू होगा वाशिंग लाइन का निर्माण
प्रतापगढ़ स्टेशन पर वाशिंग लाइन का निर्माण नहीं हुआ है। ऐसे में अब तक यहां से बनकर चलने वाली ट्रेनों की धुलाई और सफाई चार व पांच नंबर लाइन पर की जाती है। इससे तीन नंबर प्लेटफार्म पर गंदगी रहती है। इससे यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ता है। अफसर उम्मीद जता रहे हैं कि जल्द ही वाशिंग लाइन का भी निर्माण शुरू होगा। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। ट्रेनों की सही से धुलाई और सफाई हो सकेगी।
बनेगा एक और फुट ओवरब्रिज
प्लेटफार्म तीन से पांच के लिए एक और नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा। नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण से यात्रियों को तीन से पांच नंबर प्लेटफार्म पर जाने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी।