-15 सितंबर थी अंतिम तिथि, छात्र अब आसानी से अपलोड कर सकेंगे दस्तावेज
महाविद्यालयों में स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को राज्य विश्वविद्यालय ने सहूलियत दी है। आय प्रमाण पत्र न बन पाने की वजह से विद्यार्थियों का डेटा ई-समर्थ पोर्टल पर अपलोड नहीं किया जा सका था। व्यावसायिक और परंपरागत पाठ्यक्रम के 60 हजार छात्रों के सामने मुश्किल खड़ी हो गई थी। इसके बाद राज्य विवि ने पोर्टल पर पंजीकरण की तिथि 25 सितंबर तक बढ़ा दी है।
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में 30 अगस्त तक दाखिले हुए। नव प्रवेशी विद्यार्थियों का डेटा 15 सितंबर तक ई-समर्थ पोर्टल पर अपलोड करने के लिए महाविद्यालयों को निर्देश दिया गया। इस बार विद्यार्थियों से आय प्रमाण पत्र भी मांगा गया। जो ज्यादातर छात्रों के पास नहीं था। विद्यार्थियों के अभिलेख पूरे न होने के कारण ई-समर्थ पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड नहीं किए गए।
इस समस्या को रविवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित भी किया गया। खबर का संज्ञान लेने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने डेटा अपलोड करने की तिथि में 25 सितंबर तक बढ़ा दी है। कुलसचिव संजय कुमार ने बताया कि ई-समर्थ पोर्टल पर डेटा अपलोड करने के लिए तिथि में विस्तार किया गया है। डेटा अपलोड करने में तकनीकी समस्या आने पर महाविद्यालय विश्वविद्यालय से संपर्क कर सकते हैं।