प्रतापगढ़। जिले के 14 मतदान केंद्रों पर बृहस्पतिवार को पुनर्मतदान होगा। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। मतदान केंद्रों पर चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। विवाद पर पुलिस फौरन एक्शन लेगी। इधर, बुधवार दोपहर में सभी मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं।
19 अप्रैल को जिले के 12 मतदान केंद्रों पर अराजकतत्वों ने जमकर बवाल किया था। मतपेटिकाएं क्षतिग्रस्त कर दी थीं। मतदान केंद्रों पर जमकर तोड़फोड़ की थी। इससे मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया बाधित हो गई। इसके अलावा शिवगढ़ व रानीगंज ब्लाक के दो गांवों में प्रधान प्रत्याशी की मौत के बाद चुनाव टल गया था। पुनर्मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिपोर्ट राज्य चुनाव आयोग को भेजी थी। 29 अप्रैल को इन सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव कराया जाना सुनिश्चित किया गया था। बुधवार दोपहर बाद सभी मतदान केंद्रों पर मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। बवाली मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के मद्देनजर तगड़ी किलेबंदी की गई है।
इन मतदान केंद्रों पर आज होगा पुनर्मतदान
प्राथमिक पाठशाला त्रिलोकपुर, प्राथमिक पाठशाला पुरैली मकदूमपुर, प्राथमिक विद्यालय पूरेतिलकराम, प्राथमिक पाठशाला कन्हैया दुल्लापुर, प्राथमिक पाठशाला बाबूगंज, प्राथमिक विद्यालय सराय जमुआरी, मतदान केन्द्र पूर्व माध्यमिक विद्यालय सराय जमुआरी, प्राथमिक विद्यालय उतरास, प्राथमिक विद्यालय उतरास पुराना ,प्राथमिक विद्यालय चकमझानीपुर, प्राथमिक विद्यालय सरसीखाम, प्राथमिक विद्यालय कसेरूआ, प्राथमिक विद्यालय भोजेमऊ, पंचायत भवन भोजेमऊ, मतदान केंद्र आसीपुर संसारियापुर और प्राथमिक विद्यालय थरिया।