मानिकपुर के बजाहा भीट गांव के करीब सोमवार की शाम दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में सगी मासूम बहनों की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार पांच लोगों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्रयागराज एसआरएन रेफर कर दिया। खबर मिलने पर रोते बिलखते परिजन पहुंचे।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कुसुवापुर बल्दी का पुरवा निवासी 28 वर्षीय दिनेश कुमार सरोज सोमवार को अपनी पत्नी 26 वर्षीय शीला देवी, छह वर्षीय बेटी श्रेया, पांच वर्षीय श्रद्धा व तीन वर्षीय श्रेयांशी के साथ तिवारीपुर समापुर के रहने वाले साढ़ू फूलचंद के घर गए थे। वहां से शाम को वह सभी को साथ लेकर घर लौट रहे थे। मानिकपुर लाल बाजार मार्ग पर बजाहा भीट गांव के करीब पहुंचने पर सामने से आ रहे कुंडा के रहवई पनाह नगर निवासी बाइक सवार 30 वर्षीय राजेश विश्वकर्मा से टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार राजेश व उसकी 55 वर्षीय मां शिवकुमारी विश्वकर्मा व दिनेश समेत उसके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से सभी को उपचार के लिए कुंडा सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीन वर्षीय श्रेयांशी व पांच वर्षीय श्रद्धा को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने दिनेश कुमार, उसकी पत्नी शीला देवी, बेटी श्रेया और दूसरी बाइक सवार राजेश विश्वकर्मा को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन रेफर कर दिया। जबकि शिवकुमारी का उपचार चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मासूम बहनों के शवों को मॉर्चरी भेजा। मानिकपुर थानाध्यक्ष जयचंद भारती ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई होगी।
भाई को राखी नहीं बांध सकी शिवकुमारी
शिवकुमारी अपने बेटे राजेश के साथ भाई को राखी बांधने मायके जा रही थी। मगर हादसे के बाद वह अस्पताल पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल बेटे को लेकर वह चिंतित रही।
कार की टक्कर से दंपती समेत तीन घायल
गड़वारा। अंतू क्षेत्र कुसहा में सोमवार को कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती समेत तीन घायल हो गए। अमेठी के साधोपुर निवासी 45 वर्षीय विजय बहादुर वर्मा अपनी पत्नी मीरा व बेटी के साथ राखी बंधवाने गए थे। लौटते समय कुसहा के करीब कार की टक्कर से तीनों घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
भाइयों को राखी बांध घर लौट रही महिला की हादसे में मौत
गड़वारा। अमेठी जनपद के गौरीगंज निवासी अरविंद की 43 वर्षीय पत्नी सुमित्रा अपने बेटे रोहित के साथ बाइक से मायके पूरे अंती आई थी। भाइयों को राखी बांधने के बाद वह बेटे संग घर लौट रही थी। अंतू क्षेत्र के डंगरी के पास बाइक में सुमित्रा का पल्लू फंस गया। जिससे वह सड़क पर सिर के बल गिर गई। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए पुलिस ने मेडिकल कॉलेज भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे लेकर रायबरेली जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। खबर मिलने पर पूरे अंती से लेकर गौरीगंज तक परिजन रोते बिलखते रहे।