भगवान राम के भाई भरत के साथ गले मिलते ही दर्शकों ने पुष्पवर्षा की और फिजा में जय श्रीराम के जयकारे गूंजने लगे। लोग इस दृश्य को आंखों में कैद करने के लिए लालायित रहे। कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह व प्रशासनिक अधिकारियों ने आरती उतारी। इसके साथ ही पट्टी के तीन दिवसीय दशहरा मेले का समापन हो गया।
भगवान की आरती में मेले में मौजूद सभी बैंड पार्टियों ने एक स्वर धुन बजाई तो पूरा मेला परिसर राम मय हो गया। इस ऐतिहासिक पल के हजारों लोग साक्षी बने। भरत मिलाप के मौके पर निकाली गई आधा दर्जन चौकियों पर धार्मिक नृत्य नाटिकाओं का प्रर्दशन कराया गया।
प्रयागराज से आए कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। भरत मिलाप के मौके पर तहसील के प्रशासनिक अधिकारी व रामलीला समित के लोग मंच पर मौजूद रहे।
तीन दिवसीय ऐतिहासिक दशहरा मेले के अंतिम दिन मंगलवार की रात नगर में भरत मिलाप समपन्न कराने के लिए आकर्षक लाइटिंग की गई। पूरे इलाके को सजाया गया। भरत मिलाप के अवसर पर नगर में आधा दर्जन चौकियां निकाली गईं। जिसमें राम दल, भरत दल, हनुमान दल, शिव दल, कृष्णा दल व जय मां संतोषी मंडल शामिल रहे।
कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए इन चौकियों का नगर की सडक़ों पर भ्रमण कराया गया। रात्रि भ्रमण के बाद सोमवार की भोर में भरत मिलाप स्थल पर लोग इकट्ठा हुए, जहां भगवान की मूर्तियों को मंच पर लाया गया। मंच पर भगवान राम-लक्ष्मण, उनके भाई भरत-शत्रुघ्र व मां जानकी तथा राम्रभक्त हनुमान की आरती काबीना मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह, एसडीएम पट्टी धीरेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी नवनीत कुमार नायक व रामलीला समिति के अध्यक्ष जुग्गीलाल जायसवाल तथा अन्य पदाधिकारियों ने की।
अपने संबंोधन में काबीना मंत्री मोती सिंह ने कहा कि पट्टी में धार्मिक समरसता व भाईचारे का इतिहास रहा है इस ऐतिहासिक मेले को संपन्न कराने के लिए जिस धैर्य का परिचय रामलीला समिति व प्रशासनिक अधिकारियों ने दिया है, वह बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि कई वर्षों में पहली बार मेले में किसी प्रकार की शिकायत या अशांति की बात सामने नहीं आई और मेला पहले से भी बेहतर तरीके से समपन्न कराया गया। जिसके लिए रामलीला समिति के पदाधिकारियों के साथ तहसील के प्रशासनिक अफसर बधाई के पात्र हैं।
इससे पहले भरत मिलाप देखने के लिए नगर में रातभर सडक़ों पर लोग जमा रहे। भोर में भरत मिलाप कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इस मौके पर एसडीएम डीपी सिंह, सीओ नवनीत कुमार नायक, एसडीओ विद्युत एसबी प्रसाद, तहसीलदार विनोद कुमार गुप्ता, प्रमुख पट्टी राकेश कुमार सिंह, रामलीला समिति के जुग्गीलाल, अशोक श्रीवास्तव, रमेशचंद्र सोनी, अतुल खंडेलवाल, अवधेश सिंह, डा. केएल विश्वकर्मा, रामसजीवन सोनी, लालचंद मोदनवाल, विनोद पांडेय मीडिया प्रभारी समेत तमाम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व सभासद रामचरित्र वर्मा ने किया।
पट्टी भरत मिलाप मेले में निकली झांकी में नृत्य करते कलाकार।- फोटो : PRATAPGARH
पट्टी भरत मिलाप मेले में नृत्य करते कलाकार।- फोटो : PRATAPGARH
पट्टी के ऐतिहासिक भरत मिलाप मेले में गले मिलते राम भरत व लक्ष्मण शत्रुघन।- फोटो : PRATAPGARH