रामकथा के मंच पर दिखे पूर्वांचल के धुर विरोधी बाहुबली
बेंती की रामकथा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है। यहां अलग-अलग राजनीतिक दलों और गुटों से जुड़े नेताओं की मौजूदगी भी चर्चा में है। राजा भैया ने कथा के मंच और पंडाल में पूर्वांचल के ऐसे कई चेहरों को एक साथ देखा गया जिन्हें आमतौर पर एक-दूसरे का राजनीतिक या क्षेत्रीय विरोधी माना जाता है।
कुंडा से सात बार विधायक रहे रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने वर्ष 2018 में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का गठन किया था। उन्हीं के परिवार की ओर से आयोजित इस रामकथा में आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा सुना रहे हैं।
कथा में जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह और वाराणसी के बृजेश सिंह की मौजूदगी भी खास चर्चा में रही। दोनों को एक-दूसरे का धुर विरोधी माना जाता है। इसके अलावा बृजेश सिंह के भतीजे और चंदौली के विधायक सुशील सिंह भी कथा में पहुंचे। पंडाल में उन्हें एक ही सोफे पर बैठाया गया, जहां फिल्म 'हनुमान अंश' में बाबा नीम करौली की भूमिका निभाने वाले शोभित्व सत्य भी मौजूद थे।
रामकथा में भाजपा के कई छोटे-बड़े नेताओं, विधायकों और मंत्रियों का भी लगातार पहुंचना जारी है। इस तरह बेंती का कथा स्थल धार्मिक आयोजन के साथ राजनीतिक मेल-मिलाप और चर्चाओं का भी केंद्र बना हुआ है।