शुक्रवार को गरज-चमक के साथ जिलेभर में रिमझिम बरसात हुई। दिनभर आसमान मेें बादलों ने डेरा जमाए रखा। पुरवा हवाएं भी रफ्तार भरती रहीं। तापमान लुढ़कने से ठंड में इजाफा हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 23.0 व न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम खराब होने से बाजारों में चहल-पहल कम रही। शाम होते ही शहर से लेकर गांव तक बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
फरवरी माह के दूसरे सप्ताह से मौसम का मिजाज तल्ख होने लगा था। धूप तेज होने से तापमान चढने लगा था। हप्तेभर में अधिकतम तापमान बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इससे दिन में उमस का अहसास होने लगा था। पश्चिमी हवाएं भी रफ्तार भर रहीं थी। ऐसा लग रहा था कि जल्द ही गर्मी पड़ने लगेगी।
मगर गुरुवार से मौसम का मिजाज बदल गया। पुरवा हवाओं ने मौसम को बदल दिया। आसमान में बादलों की उमड़-घुमड़ शुरू हो गई। शुक्रवार को सुबह पुरवा हवाओं के बीच गरज- चमक के साथ ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई।
शहर से लेकर गांव तक जगह-जगह रिमझिम बारिश हुई। दोपहर में मौसम थोड़ी देर के लिए साफ हुआ। धूप खिली, मगर फिर से पुरवा हवाओं ने अपनी पैठ मजबूत कर ली। इससे फिर से बादल सक्रिय हो गए। शाम होते ही रिमझिम बारिश होने लगी।
गरज-चमक के बीच बारिश का क्रम लगा रहा। मौसम खराब होने से बाजारों में चहल-पहल कम रहीं। शहर के पंजाबी मार्केट, बाबागंज, सदर बाजार, घंटाघर, भगवाचुंगी सहित प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसर गया। तापमान लुढ़कने से ठंड बढ़ गई। लोग स्वेटर व जैकेट में देखे गए। मौसम वैज्ञानिक देशराजमीना ने बताया कि पुरवा हवाओं की सक्रियता से मौसम का मिजाज बदला है। अधिकतम तापमान 23.0 व न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बारिश से गेहूं की फसल को लाभ
बारिश से गेहूं की अगैती व पिछैती दोनों फसल को लाभ हुआ है। माना जा रहा है कि इससे पैदावार अच्छी रहेगी। फरवरी माह के दूसरे सप्ताह से धूप तेज होने लगी थी। इससे किसानों की बेचैनी बढ़ गई थी। मगर बारिश से उनके चेहरे खिल उठे हैं। मौसम के जानकारों का कहना है कि गेहूं की फसल के लिए बारिश संजीवनी है।
दो दिन में 6 डिग्री लुढ़का तापमान
पुरवा की दखल के बीच आसमान में बादलों की उमड़- घुमड़ से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दो दिन में छह डिग्री सेल्सियस तापमान लुढ़का है। मौसम विभाग के अनुसार बीते बुधवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार को खिसककर 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।