प्रतापगढ़। इंजन का रिवर्सल (स्टार्टर की) गायब होने के चलते साढ़े तीन घंटे तक तेल टैंक की मालगाड़ी यार्ड में खड़ी रही। कंट्रोल रूम के हस्तक्षेप पर चालक को दूसरी रिवर्सल मिली। इसके बाद ट्रेन को वाराणसी रवाना किया जा सका। इस दौरान लोको से लेकर एसएस कार्यालय तक हड़कंप मचा रहा।
बीएसबी तेल टैंक की मालगाड़ी लखनऊ से लेकर चालक शिवराम (तृतीय) बृहस्पतिवार को करीब साढ़े ग्यारह बजे पहुंचा। तेल टैंक को बनारस जाना था। इसलिए चालक शिवराम मालगाड़ी को यार्ड में खड़ी कर पायलट लाबी पहुंचा। जरूरी कागजात व अन्य सामान जमा कर दिया। उस मालगाड़ी को वाराणसी तक ले जाने के लिए चालक जयराम पहुंचे तो लोको लाबी से उन्हें रिर्वसल नहीं मिली। खोजबीन के बाद भी जब रिवर्सल नहीं मिला तो लाबी में हड़कंप मच गया।
मालगाड़ी डिटेन हो रही थी। इस पर लखनऊ कंट्रोल रूम के अधिकारियों को जानकारी दी गई। चालक शिवराम से अधिकारियों ने बात की उसने बताया कि रिवर्सल लाबी में जमा कर दिया था। इसके बाद ही उसे वहां मौजूद लोगों ने ड्यूटी से मुक्त किया। काफी देर तक चली माथापच्ची के बाद पुरानी रिवर्सल देकर चालक जयराम को वाराणसी के लिए रवाना किया गया। रिवर्सल के फेर में साढ़े तीन घंटे तक मालगाड़ी यार्ड में खड़ी रही। इस बाबत लोको फोरमैन श्याम शंकर मिश्र ने बताया कि वह अभी जरूरी काम से बाहर है। रिवर्सल गायब होने से मालगाड़ी डिटेन होने की बात सामने आ रही है।
वाराणसी रूट की रेलवे लाइन मरम्मत के चलते गुरुवार को कई ट्रेनें विलंब से पहुंचीं। बीएल पैसेंजर ट्रेन को दो घंटे और जनता एक्सप्रेस को 40 मिनट तक पृथ्वीगंज स्टेशन पर रोककर रखा गया। इससे यात्रियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। विलंब से पहुंचीं ट्रेनों में सवार होने के लिए यात्री धक्कामुक्की करते रहे।