डंपर की टक्कर से घायल रेलकर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय कस्बा तिलौरी विक्रमपुर निवासी अर्जुन कुमार मिश्र 35 पुत्र स्व. रामेश्वर प्रसाद मिश्र रेलवे विभाग में कोहड़ौर रेलवे फाटक पर कीमैन थे। शनिवार को किसी काम से हीरागंज की तरफ जा रहे थे कि खेमीपुर के पास अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सीएचसी कुंडा में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज एसआरएन रेफर कर दिया था, लेकिन वहां से भी आराम न मिलने पर चिकित्सकों ने उन्हें केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया था। जहां पर इलाज के दौरान मंगलवार की रात उनकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही पत्नी आरती मिश्रा, बेटा मान्य, बेटी मान्या समेत परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।