मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन से सुवंसा तक और अंतू तक के पुराने ट्रैक की स्क्रीनिंग अक्तूबर के पहले हफ्ते से शुरू होगी। इसकी पेट्रोलिंग और ट्रैक की स्क्रीनिंग के लिए 100 गैंग तैयार किए गए हैं। इसके बाद ट्रैक की पैकिंग होगी। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन से होकर दो दर्जन से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। इस बार जिले में अधिक बारिश हुई है। इससे पटरी धंसने, मिट्टी बहने की आशंका है। ऐसे में ट्रैक की स्क्रीनिंग की तैयारी है। इसके लिए अलग-अलग सेक्शन में 100 गैंगों को जिम्मेदारी मिली है। ये गैंग पेट्रोलिंग करके पटरियों की बारीकी से पड़ताल करेंगे। गिट्टियों के बिखराव को देखेंगे। इसके बाद ट्रैक की पैकेजिंग करेंगे। चीफ पीडब्लयूआई अजय आनंद ने बताया कि आमतौर पर गैंगमैन, ट्रैकमैन बराबर ट्रैक की मॉनिटरिंग करते हैं लेकिन अक्तूबर के पहले हफ्ते में विशेष अभियान चलाकर कार्य शुरू किया जाएगा।