सुहलव के ताडीघाट रेलवे स्टेशन पर कोहरा के बीच लाइट जलाकर गुजरती ट्रेन।
- फोटो : ghazipur
वाराणसी-देहरादून के बीच चलने वाली अप और डाउन की जनता एक्सप्रेस और वाराणसी-लखनऊ वाया प्रतापगढ़ अप और डाउन वीपीएल को 16 जनवरी से लेकर 15 फरवरी तक फिर एक माह के लिए कैंसिल कर दी गई। दोनों ट्रेनें पहले से एक माह के लिए कैंसिल थीं। इसके अलावा जिले के लोगों के लिए कानपुर और लखनऊ जाने के लिए पसंदीदा ट्रेन इंटरसिटी एक्सप्रेस को भी 18 जनवरी तक रद्द कर दिया गया है।
कोहरे के कारण कैंसिल हुईं ट्रेनों के पटरी पर लौटने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है। वाराणसी-देहरादून वाया प्रतापगढ़ (4265-66) और वाराणसी-लखनऊ वाया प्रतापगढ़ वीपीएल पैसेंजर एक महीने के लिये 15 जनवरी तक कैंसिल की गई थीं। 16 जनवरी को दोनों के चलने की संभावना थी, मगर अचानक रेलवे कंट्रोल से मैसेज आया कि दोनों को फिर से 15 फरवरी तक रद्द कर दिया गया है। लखनऊ और वाराणसी जाने के लिए ये दोनों गाड़ियां यात्रियों के लिए काफी मुफीद थीं। इनसे काफी संख्या में डेली यात्रियों का आवागमन होता था। इन दोनों गाड़ियों की सुविधा फिर से एक महीने के लिये छिन जाने से यात्रियों को काफी निराशा हाथ लगी है। प्रतापगढ़ से कानपुर के बीच चलने वाली कानपुर इंटरसिटी का भी कुछ ऐसा ही हाल हो गया है। यह ट्रेन भी समय की पटरी से उतर चुकी है। कब आयेगी, जायेगी कोई भरोसा नहीं रह गया है। इधर एक महीने से ट्रेन एक दिन बाद प्रतापगढ़ आ रही है। जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतें आ रही हैं। कानपुर जाने और आने के लिये इंटरसिटी एक्सप्रेस एक मात्र ट्रेन हैं। इससे अधिकांश संख्या में व्यापारी, छात्र और कर्मचारी आते-जाते हैं। सुबह चार बजकर तीस मिनट पर प्रतापगढ़ पहुंचती है।
सुबह नौ बजे तक लखनऊ उसके एक घंटे बाद कानपुर पहुंच जाती है। लौटते समय कानपुर से शाम पांच लखनऊ से सवा सात बजे छूटती है। सुबह ट्रेन पकड़कर कानपुर और लखनऊ गये लोग दिन भर काम निपटाने के बाद शाम को इंटरसिटी पकड़ लेते हैं। रात में साढ़े दस बजे प्रतापगढ़ आ जाती है। मगर पिछले एक महीने से इस ट्रेन को मानों किसी की नजर लग गई हो। इसको 18 जनवरी तक कानपुर के लिये कैंसिल कर दिया गया है। स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन मिश्र ने बताया कि अप और डाउन जनता एक्सप्रेस और लखनऊ-वाराणसी अप और डाउन वीपीएल पैसेंजर का कैंसिलेशन एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। दोनों गाड़ियां 15 फरवरी के लिये कैंसिल कर दी गई हैं। कानपुर जाने वाली इंटरसिटी को 18 तक कैंसिल किया गया है। 19 जनवरी को सुबह प्रतापगढ़ से कानपुर जायेगी।