पुलिस भर्ती परीक्षा में गणित और तर्कशक्ति के सवालों ने परीक्षार्थियों को काफी उलझाया। अभ्यर्थियों को सामान्य ज्ञान के प्रश्न सरल लगे। हिंदी के सवालों को हल करने में भी अभ्यर्थियों कठिनाई नहीं हुई।
जिले के 17 केंद्रों पर सोमवार को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई। सुबह आठ बजे से अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। बायोमीट्रिक जांच के बाद अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष पहुंचे।
वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई। जिला परीक्षा संचालन प्रभारी प्रो. उपेंद्र सिंह ने बताया कि पहली पाली में पंजीकृत 5,808 के सापेक्ष 4,404 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में पंजीकृत 5,808 के सापेक्ष 4,454 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायन ने एसपी दीपक भूकर के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
डीएम अभिषेक पांडेय भी परीक्षा केंद्रों की निगरानी करने पहुंचे। पुलिस लाइन में बने कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों की जांच एडीजी ने की। नकल विहीन परीक्षा कराने का निर्देश एसपी को दिया।