वातावरण में पखवारे भर से पैठ जमाए पश्चिमी हवाओं को रविवार को भोर में आखिरकार पुरवा हवाओं ने मात दे दी। पुरवा हवाओं संग आसमान में छाए बादलों ने रविवार भोर में झमाझम बरसात की। इससे करीब 21 दिन से उमसभरी गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत मिल गई। चार घंटे हुई बारिश से तापमान लुढ़क गया। मौसम सुहाना हो गया। हालांकि शहर में जगह-जगह जलभराव की समस्या हो गई। जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत झेलनी पड़ी।
मई व जून माह के मध्य चरण तक झमाझम बारिश हुई, मगर इसके बाद वातावरण में पश्चिमी हवाओं ने पैठ जमा ली। इससे आसमान साफ हो गया। हालांकि जुलाई माह में लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद थी, मगर वातावरण में पश्चिमी हवाओं के कारण बादल डेरा नहीं जमा सके। करीब 21 दिनों से पछुआ हवाओं संग तल्ख धूप के बीच भीषण गर्मी से लोग जूझ रहे थे। तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा था। गर्मी से न तो घर में सुकून था न ही बाहर। लोग बारिश की आस लगाए बैठे थे।
रविवार को भोर में पुरवा हवाओं ने पछुआ हवाओं को पछाड़कर वातावरण में पैठ जमा ली। भोर में चार बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई। शहर से गांव तक बादलों ने करीब चार घंटे तक जोरदार बारिश की। इससे मौसम सुहाना हो गया। सुबह चार बजे से सुबह आठ बजे तक झमाझम बारिश हुई। इसके बाद रिमझिम बारिश का क्रम सुबह 11 बजे तक लगा रहा। शहर के पल्टनबाजार, बेगम वार्ड, आजाद नगर, दहिलामऊ उत्तरी, शिवजीपुर, जोगापुर, विवेक नगर सहित मोहल्लों में जलभराव व किचपिच की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ा।
शहर में जिला अस्पताल की ओपीडी में जलभराव हो गया। एसपी ऑफिस व पुलिस लाइन में भी पानी भर गया। सुबह करीब आठ बजे के बाद बारिश धीमी हुई तो जलनिकासी के लिए लोगों ने मशक्कत की। हालांकि बारिश से गर्मी से लोगों को राहत मिल गई। लॉकडाउन की वजह से शहर में दुकानें बंद थीं, मगर सड़कों पर चहल-पहल बनी रही।
घरों में भी लोगों ने राहत महसूस की। इधर, दोपहर बाद फिर से पछुआ की दखल हुई तो मौसम साफ हो गया। मौसम वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि कुल 61 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बारिश के आसार हैं।
सात डिग्री सेल्सियस लुढ़का तापमान
शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। गर्मी से लोग परेशान थे। रविवार को बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। तापमान लुढ़ककर 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।