लालगंज तहसील के सरायराजू में चकबंदी में व्यापक धांधली के खिलाफ किसानों ने सड़क पर जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। किसानों ने चेताया कि चकबंदी कार्य में लगे कर्मचारियों ने सुधार नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह की अगुवाई में किसानों ने भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन और सरायराजू में हो रही चकबंदी में धांधली के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कचहरी में एकत्रित किसानों ने जिला प्रशासन की जमकर मुखालफत की और अंबेडकर चौराहा, पुलिस लाइन चौराहा होते हुए जुलूस निकाला। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने धान खरीद में अनियमितता और नहरों में पानी नहीं आने की समस्या को प्रमुखता से रखा। इस मौके पर उदय बहादुर सिंह, मो. हई खां, रामदीन यादव, बृजलाल यादव, तुलसीराम यादव, विवेक तिवारी, दिनेश गुप्ता, शीला चौरसिया, नीतू गौतम, कमलेश सिंह, शिव कुमार सोनी आदि मौजूद रहे।