चमरौधा नदी पर पुल निर्माण की कवायद तेज कर दी गई है। धर्मार्थ कार्य विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। पुल निर्माण होने से करीब 22 गांव की 20 हजार आबादी का सुल्तानपुर तक का सफर आसान हो सकेगा।
विकासखंड मंगरौरा स्थित भनईपुर पूरब पट्टी बड़का महादेवन घाट के समीप चमरौधा नदी स्थित है। नदी पर पुल नहीं होने के कारण चंदीपुर, महादेवन, बासूपुर, बांसी सहित करीब 22 गांव के लोगों का आवागमन भनईपुर के रास्ते होता है। लोगों को सुल्तानपुर तक की दूरी तय करने के लिए भनईपुर के रास्ते कोहड़ौर होते हुए जाना पड़ता है।
ग्रामीणों को करीब 20 से 25 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। पुल बन जाने से करीब 20 हजार आबादी का आवागमन सुगम हो सकेगा। इलाके के 22 गांव चारों तरफ से चमरौधा नदी से घिरे हैं। बारिश के दिनों में लोगों की मुसीबत बढ़ जाती है। पुुल निर्माण हो जाने से ग्रामीणों को चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, परिवहन संबंधी सुविधा मिल सकेगी।
विद्यार्थियों को पठन-पाठन के लिए लंबी दूरी तय करके मुख्यालय तक आना होता है। पुल निर्माण होने से मुख्यालय तक विद्यार्थियों की पहुंच आसान हो सकेगी। ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण के लिए डीएम शिव सहाय अवस्थी ने प्राथमिकता के आधार पर पुल निर्माण कार्य का प्रस्ताव तैयार करने का आदेश दिया है। सीडीओ डॉ. दिव्या मिश्रा ने बताया कि धर्मार्थ कार्य विभाग से प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को भेजा गया है।