प्रापर्टी डीलर के हत्यारोपी को कोर्ट ले जाती पुलिस। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
नगर कोतवाली क्षेत्र के रूपापुर गांव के प्रापर्टी डीलर उमाकांत उर्फ ललन शर्मा की गोली मारकर हत्या करने के मामले में स्वॉटटीम व पुलिस ने जांच कर मुख्य आरोपी सहित कुल चार आरोपियों पर वारदात में शामिल होने की जानकारी दी है।
नगर कोतवाली पुलिस टीम व स्वॉटटीम ने मामले की गहनता से जांच के दौरान सीसीटीवी व सर्विलांश की मदद से सबसे पहले गांव के ही सुदीप कुमार शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस को पूछताछ में आरोपी सुदीप ने बताया कि उसने गांव के गौरव, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास रहने वाले आशीष ओझा, सराय खांडेय राय गांव के ओम पंडित के साथ मिलकर 17 नवंबर की देर शाम उमाकांत की गांव के पास ही गोली मारकर हत्या की थी।
आरोपी सुदीप के अनुसार उसके दादा से करीब ढ़ाई करोड़ रुपये की जमीन को मृतक ने धोखे में रखकर साढ़े तीन लाख रुपये में कुछ लोगों को बैनामा करा दिया। इसी जमीन को वापस कराने के लिए आरोपी व उसके परिवार के लोग मृतक पर दबाव बना रहे थे लेकिन वह इस पर तैयार नहीं हो रहा था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुदीप की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल भी बरामद की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुदीप को मंगलवार को जेल भेज दिया जबकि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।