शुक्रवार को आए तेज तूफान और बारिश के चलते कई जगह तार पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भुपियामऊ चौकी से लेकर जोगापुर के बीच हाइवे पर कई पेड़ गिर गए। शहर में भी तूफान से काफी नुकसान हुआ। जीजीआईसी गेट, सरोज चौराहा और नई रेलवे कॉलोनी समेत शहर के कई मोहल्लों में पेड़ और बिजली के पोल गिरने से इसका असर बिजली सप्लाई पर पड़ा। शहरियों को करीब 8 घंटे तक बिना बिजली और पानी के बिताना पड़ा।
इस बार का तूफान कुछ अधिक प्रभावी दिखा। भुपियामऊ पुलिस चौकी के सामने भारी-भरकम पेड़ 11 हजार की लाइन को लपेटते हुए सड़क पर गिर पड़ा। इससे कुछ देर तक हाईवे जाम हो गया। स्थानीय पुलिस चौकी ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को पास किया। गौतम ढाबा के पास अशोक सिंह के घर के सामने लगा नीम का पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। गोपालापुर में एक पेड़ चाय की दुकान पर गिरा। हालांकि उस समय दुकान बंद थी। कोई हताहत नहीं हुआ। इस बार का तूफान शहर में अधिक बर्बादी लेकर आया। शहर में दर्जनों दुकानों के टीन शेड, उड़ गए। बारजा धराशायी हो गया। रेलवे स्टेशन रोड की दुकानों को देखकर लग रहा था जैसे कोई भारी तबाही आई हो।
भंगवाचुंगी चौराहे, जीजीआईसी, सरोज चौराहा की स्थिति इससे अलग नहीं थी। तूफान से सबसे अधिक नुकसान बिजली का हुआ। भुपियामऊ चौकी के पास गिरे पेड़ से शहर की आपूर्ति ठप हो गई। उसको दुुरुस्त करने में 8 घंटे से अधिक का समय लग गया। इस बारे में एक्सईएन प्रथम एके श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार के तूफान का सबसे अधिक प्रभाव शहर पर पड़ा है। पेट्रोलिंग कराकर इस बात की तस्दीक कराई जा रही है कि कहां-कहां पर बिजली का फाल्ट आया है। बिना पूरी चेकिंग कराए लाइट आपूर्ति संभव नहीं है। बिजली की आपूर्ति शाम के बाद ही संभव है।