चिलबिला रेलवे क्रासिंग से मंगलवार भोर में दोनों ओर के वेाहन आने जाने लगे। छोटे वाहनों से अधिक भारी वाहनों के आवागमन था। ट्रेन गुजरने के लिए फाटक बंद कराया गया। इससे वाहनों की लाइन लग गई। चिलबिला डबल फाटक के रास्ते शहर से सुलतानपुर की ओर जाने वाले वाहन गुजरते हैं, लेकिन वे भी क्रासिंग से ही निकल रहे थे। इस वजह से जाम की स्थिति पैदा हो गई। सोनावां से लेकर बाबागंज तक जाम लग गया।
बताया जाता है कि जाम की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। क्रासिंग पर दोनों ओर वाहनों के आवागमन के चलते जाम लगा था। बैरियर लगाने के बाद यातायात पुलिस जाम हटाने की कोशिश करने लगी। करीब चार घंटे बाद राहगीरों को जाम से निजात मिल सका। वहीं सई नदी पुल पर जाम में बाइक सवार भी फंस गए। दोनों ओर भारी वाहनों के साथ ही छोटे वाहनों का जमघट लगा रहा। रास्ता मिलने पर बाइक सवार आगे बढ़े लेकिन वे पुल पर फंस गए। लोगों को वहां से निकलने में घंटों लग गया। जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए जिलाधिकारी डा. आदर्श सिंह ने निरीक्षण के बाद पुलिस को यह निर्देश दिया कि सुलतानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को डबल फाटक से भेजा जाए। शहर की ओर आने वाले वाहनों को चिलबिला क्रासिंग से होकर आने दिया जाए। 24 घंटे के लिए यह व्यवस्था लागू की गई थी। बताया जाता है कि रात में चिलबिला पुलिस चौकी के सिपाही बैरियर हटा देते हैं।