प्रेरणा एप के तहत बच्चों के साथ सेल्फी लेकर एप पर अपलोड करने को लेकर शिक्षक दो गुटों में बंट गए हैं। प्राइमरी के अध्यापकों ने बीएसए कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर शिक्षक सम्मान बचाओ दिवस मनाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
वहीं, दूसरी तरफ पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने समर्थन करते हुए हादीहाल में कार्यक्रम का आयोजन कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। फिलहाल विभाग का दावा है कि लगभग 400 शिक्षकों ने सेल्फी लेकर प्रेरणा एप पर अपलोड किया है।
बेसिक शिक्षा विभाग में बच्चों के साथ सेल्फी से उपस्थिति दर्ज कराने के विरोध के बावजूद गुरुवार से प्रेरणा एप लागू हो गया। प्राथमिक शिक्षक संघ के समर्थन में उतरे माध्यमिक शिक्षक संघ ने भी गुरुवार को प्रतिवर्ष होने वाले शिक्षक सम्मान समारोह का बहिष्कार किया। दोनों संगठनों ने बीएसए कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की।
विभाग का दावा है कि जिले के लगभग 400 शिक्षकों ने सेल्फी खींचकर एप पर अपलोड किया है। हालांकि इसकी वास्तविक रिपोर्ट दो दिन बाद मिलेगी। दरअसल, इस एप में बीएसए स्तर पर खोलने और जानकारी करने की सुविधा अभी मुहैया नहीं कराई गई है।
शिक्षकों का मानसिक उत्पीड़न है सेल्फी
प्राथमिक शिक्षक संघ के समर्थन में उतरे माध्यमिक शिक्षक संघ ने संयुक्त रूप से शिक्षक महासंघ का गठन करके विरोध दिवस के रूप में मनाया। बीएसए कार्यालय पर हुए धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों को अपमानित करने वाली सरकार का पतन भी जल्दी होता है। उन्होंने कहा कि सेल्फी नहीं है, बल्कि मानसिक उत्पीड़न है।
गुरुवार को बीएसए कार्यालय में दोपहर 12 बजे एकत्रित हुए शिक्षकों ने योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रमाशंकर शुक्ल ने कहा कि योगी सरकार अधिनायकवादी हो गई है, वह शिक्षकों को अपमानित करने पर आमादा है। जिला मंत्री विनय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों से सिर्फ शिक्षण कार्य ही नहीं कराया जाता, बल्कि अन्य विभागों की महत्वाकांक्षी योजनाओं की भी जिम्मेदारी सौंप दी जाती है।
उन्होंने कहा कि आज शिक्षक सम्मान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। इस मौके पर राजेश त्रिपाठी, आलोक शुक्ला, सुदीप पांडेय, करुणेश सिंह, प्रभाकर प्रताप सिंह, राकेश सिंह, प्रभाशंकर पांडेय, बिंदू सिंह, माया, उमा, रामानंद मिश्र प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
बीएसए कार्यालय परिसर में प्रेरणा एप के विरोध में धरना प्रदर्शन करते शिक्षक महासंघ के लोग।- फोटो : PRATAPGARH
बीएसए कार्यालय परिसर में प्रेरणा एप के विरोध में धरना प्रदर्शन करते शिक्षक महासंघ के लोग।- फोटो : PRATAPGARH