दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कुलजीत सिंह।
आंवला किसानों को उनकी उपज का लाभ मिलेगा। जल्द ही बिचौलियों का खेल खत्म होगा। आंवला पर एमएसपी की तैयारी की जाएगी। किसानों से फीडबैक लेकर इसके लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा। अफसर किसानों की समस्याएं सुनें, उनके संपर्क में रहें। यह बातें विकास भवन सभागार में शुक्रवार को कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त मंत्री कुलजीत सिंह ने कहीं।
उन्होंने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) में शामिल आंवले के किसानों की समस्याएं जल्द ही निस्तारित होंगी। उन्होंने कहा कि इस आयोग का गठन किसानों से जुड़ी समस्याओं को धरातल जाकर समझने के लिए किया गया है।
इसी सिलसिले में मेरा पहली बार जनपद में आगमन हुआ है। किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता में हैं। उन्होंने खेत तालाब, दीनदयाल योजना के तहत मेड़बंदी, उबड़-खाबड़ जमीन के समतलीकरण, बंजर पड़ी जमीनों पर योजनाओं के तहत मिलने वाली धनराशि का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि जनपद में अभी इन योजनाओं के क्रियान्वयन की गति मंद है। इसके लिए अफसरों को निर्देशित किया गया है। आयोग की टीम विभागीय अधिकारियों के साथ ही इसकी रिपोर्ट तैयार करेगी।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर खाद एवं बीज की दुकानों पर दुकानदार किसानों को खाद के साथ कीटनाशक भी लेने का दबाव बनाते थे। कीटनाशक लेने पर ही खाद देते थे।
ऐसी शिकायतें जब आयोग की मिलीं तो अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की गई। आपदा से नष्ट हुई फसलों पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान की फसल का सर्वे कराया जाएगा। साथ ही फसल बीमा के संबंध में किसानों को जागरूक किया जाएगा।