गलन से लोगों का बुरा हाल, शरीर में चुभती रहीं बर्फीली हवाएं
अधिकतम तापमान 14.2, न्यूनतम 7.4 डिग्री सेल्सियस किया गया रिकार्ड
प्रतापगढ़। बर्फीली हवाओं के चलते ठंड के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। बुधवार को ठंड व गलन के कारण लोगों का बुरा हाल रहा। दोपहर बाद पश्चिमी हवाएं सक्रिय हुईं तो कोहरा छंटा और धूप खिली, मगर ठंड व गलन से लोगों को राहत नहीं मिली। अलबत्ता धूप में भी अलाव जलते रहे। गलन व ठिठुरन से लोगों का बुरा हाल रहा। लोग अलाव के पास दुबके रहे। दोपहर बाद बाजारों में चहल-पहल बढ़ी, लेकिन लोग गर्म कपड़ों से लदे हुए थे। अधिकतम तापमान लुढ़ककर 14.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड के चलते शहर से गांव तक जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
लगातार चार दिनों से भीषण कोहरा पड़ रहा है। इससे ठंड व गलन बढ़ गई है। सुबह की शुरुआत कोहरे व भीषण ठंड से हो रही है। मंगलवार की तरह ही बुधवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। वातावरण में पुरवा हवा मंद गति में बह रही थी। इससे ठंड व गलन का असर तेज था। ठंड के चलते घरों से निकलना दूभर था। रजाई से निकलते ही ठंड कंपकपाने लगती। शहर मेें सुबह सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग कोहरा छटने का इंतजार करते रहे। सड़क पर इक्का-दुक्का लोग ही चहलकदमी करते दिखे। अधिकांश दुकानें बंद रहीं। शहर के पंजाबी मार्केट, राजापाल टंकी, घंटाघर, बाबागंज, अंबेडकर चौराहा, पल्टनबाजार, सदर बाजार में दोपहर बाद दुकानें खुलीं, लेकिन बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। कोहरे की वजह से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। सड़क पर वाहनाें की रफ्तार थम गई। बडे़ वाहन से लेकर छोटे वाहन तक रेंगते नजर आए।
इधर दोपहर बाद पछुआ हवाएं सक्रिय हुईं तो मौसम साफ हो गया और धूप खिल गई। मगर ठंड के आगे धूप बेअसर रही। ठंड व गलन से लोग कांप रहे थे। शाम पांच बजे के बाद ठंड और बढ़ गई। बाजारों में सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 14.2 व न्यूनतम 7.02 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि पुरवा हवाओं के प्रभाव से कोहरे का असर तेज हुआ है। ठंड में भी इजाफा हुआ है।
बुधवार को सुबह पड़ा घना कोहरा।- फोटो : PRATAPGARH