कोहड़ौर, पृथ्वीगंज टाउन एरिया और नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार में शामिल 36 ग्राम पंचायतें 31 मार्च तक अस्तित्व में रहेंगी। इससे इन गांवों के प्रधान 31 मार्च तक ही अपनी सरकार चला सकेंगे। एक अप्रैल से टाउन एरिया कार्य करना प्रारंभ कर देगी। ग्राम पंचायतों को भेजी गई रकम का सदुपयोग करने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया गया है।
बेल्हा नगरपालिका परिषद के सीमा विस्तार, कोहड़ौर और पृथ्वीगंज बाजार को नवीन टाउन एरिया का दर्जा मिलने के बाद जिले की 36 ग्राम पंचायतों का अस्तित्व समाप्त हो रहा है। इसमें 14 ऐसी ग्राम पंचायतें हैं, जो नगर पालिका सीमा विस्तार के दायरे में आ रही हैं। डीपीआरओ कार्यालय से हाल ही में चौदहवां वित्त आयोग, राजवित्त आयोग की किस्त ग्राम पंचायतों को भेजी गई है।
अधिकांश ग्राम पंचायतें अभी तक इस धनराशि का सदुपयोग नहीं कर पाई हैं। ऐसे में शासन ने 31 मार्च तक समय दिया है कि धन के सापेक्ष कार्य को पूरा करा लें। जो कार्य अधूरे हैं, उन्हें अविलंब पूर्ण करा लें। जिससे एक अप्रैल से अस्तित्व में आने वाली टाउन एरिया में कोई विकास कार्य अधर में न लटका रहे।
शासन ने यह भी कहा है कि अगर किसी बड़े प्रोजेक्ट पर कार्य हो रहा है तो उसे भी मार्च तक हर हाल में निपटा दिया जाए। टाउन एरिया और नगरपालिका परिषद के अस्तित्व में आने पर व्यापक कार्य योजना तैयार की जाएगी।
फंस गए शहर के इर्द-गिर्द गांवों तैनाती लेने वाले वीडीओ
शहर के आसपास की ग्राम पंचायतों में तैनाती पाने वाले वीडीओ की मुश्किलें बढ़ गई है। सदर विकास खंड में दिसंबर माह में गांवों का आवंटन किया गया था। जिसमें जुगाड़ से कई वीडीओ ने आसपास के गांव आवंटित करा लिए। अब सीमा विस्तार में आने के कारण उन्हें यह नहीं सूझ रहा है कि वह किस ग्राम पंचायत में जाएं। हालांकि वह अभी चुंनिंदा गांवों की तलाश कर रहे हैं।
वीडीओ और सफाई कर्मचा री हटेंगे
एक अप्रैल से कोहड़ौर, पृथ्वीगंज टाउन एरिया के अस्तित्व में आने के बाद इनके दायरे में आ रहीं ग्राम पंचायतों में तैनात वीडीओ और सफाई कर्मचारियों का अन्यत्र तबादला किया जाएगा। हालांकि कर्मचारियों ने स्वयं अपनी सुविधा के अनुरूप ग्राम पंचायतों की तलाश करना शुरू कर दिया है।
नवसृजित टाउन एरिया और नगर पालिका विस्तार में आने वाली ग्राम पंचायतों में सभी विकास कार्य 31 मार्च तक पूर्ण कराने को कहा गया है। इसके बाद ग्राम पंचायतों में कोई कार्य नहीं होगा, बल्कि नवसृजित टाउन एरिया अपने हिसाब से विकास कार्य कराएगी।
लालजी दूबे, डीपीआरओ