गर्मी के साथ बढ़ी परेशानी, गला तर करने के लिए भटक रहे लोग
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में लगी वाटर वेंडिंग मशीन और मेडिकल कॉलेज का वाटर कूलर खराब
पानी खरीदकर पीने के लिए मजबूर हो रहे यात्री और अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदार
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में पानी का संकट भी गहरा गया है। लोग गला तर करने के लिए भटक रहे हैं। रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मेडिकल कॉलेज में पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड में लगी वाटर वेंडिंग मशीन और राजा प्रताप बहादुर अस्पताल के पुरुष और महिला विंग में लगे वॉटर कूलर खराब हो चुके हैं। मरीजों को हैंडपंप का भी पानी नसीब नहीं है। मजबूरी में मरीज खरीदकर बोतलबंद पानी पी रहे हैं।
गर्मी में यात्रियों को ठंडा पानी मुहैया कराने के लिए रेल प्रशासन की ओर से रेलवे स्टेशन पर एक वाटर वेंडिंग मशीन के साथ ही दो शीतल पेयजल घर की व्यवस्था की गई थी। मौजूदा समय में वाटर वेंडिंग मशीन गायब हो चुकी है। शीतल पेयजल घर का वाटर कूलर खराब पड़ा है। ऐसे में दूरदराज से सफर करके आने वाले यात्रियों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्हें खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है।
यही हाल बस स्टैंड का है। कहने के लिए तो जिले में मॉडल बस स्टैंड का निर्माण हुआ है, मगर यहां लगी वाटर वेंडिंग मशीन खराब पड़ी है। मजबूरी में यात्रियों को टंकी का गर्म पानी पीना पड़ रहा है। इसी तरह राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में आने वाले मरीज एवं उनके तीमारदार पानी के लिए भटकते रहते हैं। इसके बाद भी अस्पताल प्रशासन का मौन टूटने का नाम नहीं ले रहा है।
मेडिकल कॉलेज में पीने को पानी नहीं
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय की महिला विंग पांच तल की है। अस्पताल में मरीज एवं उनके परिजन पानी के लिए यहां-वहां भटक रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या की ओर अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। अस्पताल प्रशासन महिला विंग में खराब पड़े वाटर कूलर पंप की मरम्मत कराना उचित नहीं समझ रहा है। इतना ही नहीं, परिसर में रहा एकमात्र हैंडपंप भी गायब हो गया है। यही हाल पुरुष विंग का भी है। कहने के लिए यहां वाटर कूलर है, लेकिन मरीजों को गर्म पानी पीना पड़ रहा है। अस्पताल को उच्चीकृत करने के दौरान हैंडपंप को कार्यदायी संस्था ने गायब कर दिया।
वर्जन-------------
वाटर कूलर मशीन खराब होने की शिकायत मिली है। प्राचार्य से बात कर जल्द उसकी मरम्मत कराई जाएगी। महिला विंग में बने वाटर कूलर मशीन को हटाना है। इसलिए उसकी मरम्मत कराना उचित नहीं है। हालांकि पानी की व्यवस्था जल्द कराने का प्रयास किया जाएगा।
डॉक्टर सुरेश सिंह, सीएमएस, राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय
वर्जन-----------
वाटर वेंडिंग मशीन की मरम्मत के लिए ईओ को पत्र लिखा गया है। इसके अलावा डिपो परिसर में पानी की व्यवस्था कराने के लिए आरएम को भी पत्र भेजा गया है।
पीके कटिहार, एआरएम