पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट के दौरान करीब बारह राउंड फायरिंग हुई। जिसमें दो लोग छर्रे लगने से घायल हो गए। मारपीट में तीन लोगों को चोटें आईं। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख दो लोगों को डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और मारपीट पर उतर आए। हालांकि मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल ने सभी को धमकाकर शांत कराया।
कंधई थाना क्षेत्र के देवनमऊ गांव में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान शाहरुख खान निवासी देवनमऊ और फिरोज उर्फ कल्लन निवासी पिपरी खालसा के बीच विवाद हो गया था। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश भी है। शाम को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। पिपरीखालसा निवासी नियाज अहमद का आरोप है कि रुस्तम ने अपने साथियों के साथ उसके घर पर धावा बोल दिया। उसके भाई फिरोज उर्फ कल्लन (36) पुत्र मेंहदी हसन और चचेरे भाई मासूम अली (18) पुत्र गुलफाम को गोली मार दी।
घर की महिलाओं को भी पीटा। दूसरे पक्ष के रुस्तम का आरोप है कि फिरोज पक्ष के लोगों ने मारपीट के साथ ही फायरिंग की। जिसके चलते उसे गोली लगी और उसकी मां अहमदी (60) व पिता हफीज (65) को चोटें आईं। ग्रामीणों की मानें तो करीब बारह राउंड फायरिंग हुई थी। घायलों को परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए। फिरोज व रुस्तम की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने हो गए। हाथापाई के बीच मारपीट की नौबत आ गई। पुलिस ने लोगों को फटकार कर शांत कराया। कंधई के प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। तहरीर नहीं मिली है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।