मुंबई से आए युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके चलते गांव को सील कर दिया गया है। गांव को हॉटस्पाट घोषित कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में कोरोना पाजिटिव के संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी है। युवक पत्नी के साथ मुंबई से आया था। तबीयत खराब होने के चलते चिकित्सकों ने उसे तीन जून को जिला अस्पताल भेज दिया था।
हथिगवां थाना क्षेत्र के समसपुर गांव में मुंबई से दंपति निजी वाहन से 27 मई को घर आए थे। इसके बाद से पति की तबीयत खराब चल रही थी। इसकी सूचना सीएचसी कुंडा को दी गई तो स्वास्थ्यकर्मियों ने गांव पहुंचकर उसकी हालत देखी।
कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण देखकर उसे इलाज के लिए 3 जून को जिला अस्पताल भेज दिया गया था। पत्नी की तबीयत ठीक थी, लेकिन एहतियातन उसे भी अस्पताल भेजा गया। वहां पर उसकी हालत देखते हुए सैंपलिंग कराई गई। शनिवार को पति की रिपोर्ट पाजिटिव आ गई।
कुंडा में अब सिर्फ एक हॉटस्पाट
कोरोना के मरीजों के मिलने के बाद कुंडा में बरई समेत कुल 10 हॉटस्पाट बन गए थे। हालांकि बरई को काफी पहले ही मुक्त कर दिया गया। इसके बाद नौ हॉटस्पाट बने थे। इनमें कैमा, तिलौरी, परसीपुर, कोटिला अख्तियारी, बुलाकीपुर, हियातनगर, मझिलगांव मदरियापुर, सरियावां व रहवई शामिल हैं। इन सभी गांवों को स्वास्थ्य विभाग ने हॉटस्पाट क्षेत्र से मुक्त कर दिया है।