Pratapgarh: Ram Vanagaman Marg will be converted into Fourlane
एनएच ने राम वनगमन मार्ग को अब फोरलेन में परिवर्तित होगा। मोहनगंज से लालगोपालगंज को जोड़ने वाली 42 किमी सड़क अभी तक पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के पास थी। अब यह सड़क एनएच प्रयागराज को स्थानांतरित कर दी गई है। इस सड़क के फोरलेन में परिवर्तित होने से अयोध्या से चित्रकूट तक का सफर आसान हो जाएगा।
अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण प्रारंभ होने के बाद अब चित्रकूट की यात्रा करने में भक्तों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नही करना पड़ेगा।
इसके लिए शासन ने अयोध्या से चित्रकूट तक की सड़क को फोरलेन में परिवर्तित करने का निर्णय लिया गया है। भुपियामऊ से मोहनगंज तक रायबरेली-वाराणसी मार्ग पहले से ही फोरलेन में बदला जा चुका है।
लालगोपालगंज से चित्रकूट को जोड़ने वाली सड़क भी फोरलेन में बदली जा चुकी है। ऐसे में सिर्फ अयोध्या और चित्रकूट के बीच में मोहनगंज से लालगोपालगंज तक सड़क बननी बाकी थी। एनएच प्रयागराज ने फोरलेन में बदलने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। विभागीय अफसरों का कहना है कि दिसंबर 2021 तक पूरी सड़क बनकर तैयार हो जाएगी। इसके फोरलेन में परिवर्तित होने से जेठवारा, डेरवा, बाघराय के लोगों के लिए प्रयागराज का सफर आसान हो जाएगा। अभी तक प्रयागराज जाने के लिए फैजाबाद-प्रयागराज हाईवे से जाना पड़ता था।
मोहनगंज बाजार से लालगोपालगंज मार्ग पहले पीडब्ल्यूडी के पास था, मगर अब इसे एनएच प्रयागराज के हवाले कर दिया गया है। सड़क को फोरलेन करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। सड़क के बगल में पर्याप्त जगह खाली है, जिससे फोरलेन में परिवर्तित करने में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
शैलेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी