प्रभु यीशु का जन्म होते ही चूमने उमड़े लोग
क्रिसमस पर आकर्षक रोशनी से सजाए गए चर्च, बनी आकर्षक गोशाला की झांकी
कैरल गायन के साथ ही प्रसाद के रूप में बांटा गया रोटी और दाखरस
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। मंगलवार को आधी रात गोशाला में प्रभु यीशु का जन्म होते ही खुशी की लहर दौड़ पड़ी। प्रभु के चरणों को चूमने के लिए महिलाएं और पुरुषों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रभु ईशा मसीह के जन्म की खुशी में लोगों के कैरल गाने के बाद रोटी और दाखरस का प्रसाद वितरित किया गया। आकर्षक रोशनी से सजाए गया चर्चों में शाम से ही महिलाओं और पुरुषों की भीड़ जुटना प्रारंभ हो गई थी।
क्रिसमस के त्योहार को लेकर मसीही समाज का उत्साह मंगलवार की शाम रोमन कैथोलिक चर्च में देखते ही बन रहा था। शाम होते ही आकर्षक लाइटों से रोशन हुआ चर्च आधी रात तक गुलजार रहा। शाम से ही चर्च में लोगों के आने का सिलसिला प्रारंभ हो गया। रात 12 बजते ही महिलाओं और पुरुषों का जमावड़ा लग गया। लोगों की नजरें चर्च में बने गोशाला की आकर्षक झांकी पर टिकी हुई थीं, जहां प्रभु ईसा मसीह का जन्म होना था। रात दस बजे से ही ईसा मसीह के जीवन पर आधारित विभिन्न पहलुओं पर लोग प्रकाश डालते रहे। रात बारह बजते ही गोशाला में प्रभु ईसा मसीह का जन्म होने पर माइकल अनिल ने उन्हें अपनी गोद में उठाया। उन्हें चूमने के लिए महिलाएं और पुरुष उमड़ पडे़। प्रभु ईसा मसीह के जन्म से खुश महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने कैरल (बधाई गीत) गाकर खुशी का इजहार किया। इसके बाद चर्च में मौजूद लोगों को रोटी और दाखरस का प्रसाद वितरित किया। इधर फुल गोस्फल स्कूल स्थित चर्च में प्रभु ईसा मसीह के जन्म पर आधी रात को प्रार्थना सभा हुई, जिसमें फादर सुनील सिंह फादरी ने प्रभु यीशु के जीवन का वृतांत सुनाया।
इनसेट----------
दिनभर घरों में तैयार होते रहे पकवान
प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां साझा करने के लिए केक और पकवान तैयार करने का दौर जारी रहा। बुधवार को होने वाले बधाई के दौर में आगुंतकों का स्वागत करने की तैयारियां दिन भर होती रही। घर के अंदर और बाहर साफ-सफाई करके शाम को चर्च जाने की तैयारी करते रहे।
क्रिसमस के आगमन की तैयारी में दहिलामऊ क्रिश्चियन कालोनी में सजी झांकी।- फोटो : PRATAPGARH