केरोसिन से पेट्रोल और डीजल तैयार करने के लिए केमिकल से उसकी गंध को बदल दिया जाता है। इस केमिकल को मिलाने के लिए फूलमती देवी धाम में ही प्लांट लगाया गया है। इस प्लांट में पांच हजार लीटर डीजल, पेट्रोल प्रतिदिन बनाया जा सकता है। आम आदमी इसकी जांच तो कर सकता है लेकिन इसमें 24 से 48 घंटे का समय लग सकता है। हां यदि सरकारी महकमा इसकी उच्च स्तरीय जांच कराए तो यह भेद खुल सकता है।
हथिगवां थाना क्षेत्र के फूलमती धाम के पास प्लांट लगाकर केरोसिन से डीजल और पेट्रोल बनाने का काम किया जा रहा है। रात में किए जाने वाले इस कार्य में जिस केमिकल का प्रयोग किया जाता है वह केरोसिन में डीजल और पेट्रोल जैसी गंध पैदा कर देता है। हालांकि सरकारी नीले केरोसिन को टंकियों के माध्यम से पहले सफेद किया जाता है। इसके बाद इसमें केमिकल मिलाने पर पेट्रोल और डीजल जैसी गंध आने लगती है और इसका रंग बदल जाता है। आम आदमी की समस्या है कि इसे पेट्रोल पंप पर मौजूद संसाधन से चेक नहीं किया जा सकता।
इसके लिए या तो 24 से 48 घंटे इसे डिब्बे में रखा जाए तो इसका असर नीचे दिखने लगेगा। लोगों को इतना समय ही नहीं है कि वह इसकी जांच कर सकें। इसके चलते यह गोरखधंधा लगातार चल रहा है। लोगों का मानना है कि यदि इसकी जांच उच्चस्तरीय प्रयोगशाला में कराई जाए तो इसका भेद खुल सकता है लेकिन किसी को इस तरफ ध्यान देने की फुर्सत नहीं है। इस गोदाम में ही इस तरह का प्लांट लगा है कि इसे देखने के बाद ही इसका खुलासा हो सकता है लेकिन अधिकारी पता नहीं क्यों इस तरफ से आंख मूंदे बैठे हैं।