जली दाल, घटिया चावल और गंदे बिस्तर मिलने से आक्रोशित आश्रम
पद्धति विद्यालय के विद्यार्थी शुक्रवार को सड़क पर उतर आए।
प्रतापगढ़-जेठवारा रोड जाम कर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी (डीएम) को बुलाने
की मांग करने लगे। इसी बीच मौके पर पहुंचे समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह
ने प्रिंसिपल को हटाकर प्रभारी प्रिंसिपल के रूप में राजाराम को
जिम्मेदारी सौंप दी है।
जिले के जेठवारा के निकट राजकीय आश्रम पद्धति आवासीय स्कूल स्थित है। समाज
कल्याण विभाग से संचालित इस स्कूल में विद्यार्थियों को मुफ्त में शिक्षा
और खाना, नाश्ता आदि दिया जाता है। शुक्रवार दोपहर विद्यार्थियों को खाना
परोसा गया तो जली दाल और घटिया चावल मिला। विद्यार्थियों की मानें तो आए
दिन घटिया खाना दिया जाता है। प्रिंसिपल से शिकायत पर उन्होंने कहा है जो
मिल रहा है उसे ही खाना पड़ेगा।
इससे आक्रोशित विद्यार्थियों ने
प्रतापगढ़-जेठवारा मार्ग जाम कर दिया। इससे वाहनों का आवागमन ठप हो गया।
विद्यार्थी डीएम के आने की जिद पर अडे़ रहे। एसडीएम लालगंज, सीओ सदर राकेश
नायक, समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह ने विद्यार्थियों को समझाकर शांत
कराया। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रिंसिपल जेपी सिंह को हटाकर
शिक्षक राजाराम को प्रभारी प्रिंसिपल की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।