ग्राम पंचायत सदस्यों के 3731 रिक्त पदों के लिए हुए उपचुनाव में 3324 सदस्यों का चयन निर्विरोध किया गया है, जबकि 216 वार्डों पर 21 फरवरी को मतदान होगा। जिले के 191 वार्ड ऐसे रह गए जिस पर किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन ही नहीं किया है। उपचुनाव में बीडीसी सदस्य काएक पद निर्विरोध और दूसरे पद के लिए चुनाव होगा।
ग्राम पंचायत सदस्यों, बीडीसी सदस्यों और जिला पंचायत सदस्य की खाली सीटों के लिए उपचुनाव हो रहा है। गुरुवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था।
जिले में ग्राम पंचायत सदस्यों के 3731, बीडीसी सदस्यों के दो और जिला पंचायत सदस्य के एक सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। गुरुवार को नाम वापसी के बाद 3324 ग्राम पंचायत सदस्यों, कुंडा के महेवा मोहन वार्ड से बीडीसी सदस्य और कुंडा की जिला पंचायत सदस्य का चयन निर्विरोध हो गया है। जबकि ग्राम पंचायत सदस्य के 216 पदों और बीडीसी सदस्य के मानधाता ब्लाक के पूरेसुखदेव में 21 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। उपचुनाव के बाद भी जिले में ग्राम पंचायत सदस्यों के 191 पद खाली रह गए। इन वार्डों के लिए किसी ने भी आवेदन ही नहीं किया है। सहायक चुनाव अधिकारी पंचस्थानीय एसपी बरनवाल ने बताया कि 23 फरवरी को मतगणना होगी।
बेलखरनाथधाम ब्लाक धाम में ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव में व्यापक अनियमितता बरती गई है। आरक्षित पदों पर बगैर जाति प्रमाणपत्र लगाए ही सदस्यों का चयन कर लिया गया है। हुआ यह कि अधिकांश लोगों ने जाति प्रमाणपत्र के लिए सिर्फ आवेदन किया था। चुनाव अधिकारी ने उसे ही जाति प्रमाणपत्र मान लिया। एक मामले में विरोध पर पर्चा खारिज कर दिया गया।