जिले के संडवा चंद्रिका और लक्ष्मणपुर विकास खंड में बालिका छात्रावास का निर्माण जल्द प्रारंभ होने वाला है। जिले में पहली बार बालिकाओं के लिए बनने जा रहा यह आवास कस्तूरबा गांधी आावसीय स्कूलों के परिसर में बनेंगे।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जिले के संडवा चंद्रिका और लक्ष्मणपुर विकास खंड में एक-एक बालिका छात्रावास का निर्माण किए जाएगा। एक करोड़ 70 लाख रुपये से निर्मित होने वाले आवासीय परिसर के लिए शासन ने पहली किश्त के रूप में 53 लाख 14 हजार रुपये भुगतान किया है।
विभागीय अधिकारियों ने यूपीपीसीईएल को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी है। पहले इन छात्रावासों को जीजीआईसी स्कूलों के निकट स्थापित करने की मंशा थी। मगर स्कूलों में बालिकाओं के नहीं रुकने से अब कस्तूरबा गांधी आवासीय परिसर में इन छात्रावासों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए दोनों ब्लाकों में स्थित कस्तूरबा आवासीय स्कूलों के परिसरों का चयन कर लिया गया है। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी रामेश्वर तिवारी ने बताया कि जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।