क्षेत्र के रेहुआ लालगंज निवासी राजू सरोज व बृजेश सरोज का सोमवार को युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रतिनिधि श्रीनिवासन ने आईआईटी में बेहतर रैंक लाने के लिए सारस्वत सम्मान किया। क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना के साथ यहां पहुंचे श्रीनिवासन ने दोनों मेधावियों को राहुल गांधी की ओर से पचास-पचास हजार रुपये के चेक सौंपे।
उन्होंने दोनों को राहुल गांधी की ओर से सफलता पर शुभकामना देते कहा कि गांधी की ओर से छात्रों को शिक्षा ग्रहण करने में जब भी जरूरत होगी हर प्रकार का सहयोग व सहायता उपलब्ध होती रहेगी। उन्होंने दोनों मेधावियों को संसाधन की कमी के बावजूद मिली सफलता को देश व प्रदेश के लिए गौरव की अनुभूति बताया। महासचिव श्रीनिवासन व विधायक मोना ने राजू व बृजेश से उनके घर पहुंचकर सफलता पर भी चर्चा की। विधायक आराधना मिश्रा मोना ने राहुल गांधी के प्रति आभार जताया। समारोह में मौजूद युवा कांग्रेस के पूर्वी जोन प्रदेश अध्यक्ष बाबा तिवारी व उपाध्यक्ष नीरज तिवारी ने राजू व बृजेश की सफलता को युवा वर्ग के लिए प्रेरणा का संदेश कहा। संचालन ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ने किया। इस मौके पर एसडीएम वाईबी सिंह, सीओ सीताराम, सांसद प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह, महेंद्र सिंह, पवन शुक्ला आदि रहे।