सोमवार को चिलबिला रेलवे क्रासिंग का गेट टूट जाने से शहर में भीषण जाम लग गया। हालत यह थी कि लोगों को सदर मोड़ से चिलबिला फाटक तक पहुंचने में तीन घंटे लग गए। मेला स्नानार्थियों की भीड़ से चौक से लेकर भंगवाचुंगी तक हाईवे जाम हो गया। इससे ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो गई। शहर में वाहन रेंग रहे थे। मौनी अमावस्या की भीड़ से रविवार की रात से ही शहर का ट्रैफिक बेहाल था। जगह-जगह वाहनों की भीड़ से शहरियों का चलना दुश्वार हो गया था। सेामवार को चिलबिला में वाहन की टक्कर से गेट टूटने की घटना ने कोख में खाज का काम किया।
चिलबिला से लेकर चौक घंटाघर तक इतना लंबा जाम लग गया कि लोग पैदल नहीं निकल पा रहे थे। वाहनों की भीड़ का यह आलम था कि गेट बंद नहीं हो पा रहा था जिससे कई गाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ। ट्रेनों को रोककर काशन पर चलाया गया। इसके चलते इतना लंबा जाम लग गया लोग पैदल भी ठीक से नहीं चल पा रहे थे। हाईवे पर लगे जाम से बचकर निकलने की कोशिश में जा रहे लोगों की भीड़ से शहर की गलियों में भी देखते ही देखते जाम लग गया। हालांकि गेट टूटने की सूचना मिलने पर आरपीएफ चिलबिला पहुंच गई थी। मगर ट्रैफिक को नियंत्रण करने और ट्रेनों को पास करने में उसको भी पसीना आ गया।