जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में शिवगढ़ के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर शील्ड पर कब्जा कर लिया। शिवगढ़ ब्लाक की टीम को विजेता और मानधाता के बच्चों के साहसिक प्रदर्शन पर उपविजेता का पुरस्कार दिया गया। रविवार की शाम हुए रंगारंग समापन कार्यक्रम में गीत, एकांकी, नृत्य, व्यायाम प्रस्तुत कर बच्चों ने सभी का दिल जीत लिया। बीएसए माधवजी तिवारी ने विजेता और उपविजेता को शील्ड प्रदान किया।
शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग समापन हुआ। दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में एक सौ अंक हासिल करने वाली शिवगढ़ टीम को विजेता और 98 अंक पानी वाली मानधाता की टीम को उपविजेता का पुरस्कार प्रदान किया गया। जिले के 17 विकास खंडों के प्राइमरी और मिडिल स्कूलों के साथ ही कस्तूरबा आवासीय स्कूलों की बालिकाओं ने आकर्षक प्रदर्शन कर खूब वाहवाही लूटी। समापन कार्यक्रम के मुख्यअतिथि माधवजी तिवारी के मार्चपास्ट की सलामी के बाद प्रारंभ हुए कार्यक्रम में मानधाता के नन्हे बच्चों और कुंडा की बालिकाओं ने आकर्षक प्रदर्शन कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।
मानधाता के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत राष्ट्र के प्रहरी एकांकी प्रस्तुत कर देश की सीमा पर डटे जवानों की पीड़ा व्यक्त की। मंगरौरा कस्तूरबा की बालिकाओं ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। इस मौके पर जिला व्यायाम शिक्षक बालकृष्ण गौतम, सुशील सिंह, रमाकांत शुक्ल, विनय सिंह, रामकुमार सिंह, मंजू सिंह, प्रभाकर सिंह, सुरेश बहादुर सिंह, लालता प्रसाद उपाध्याय, शाहआलम, रीना सिंह, सौरभ पांडेय, प्रभाशंकर पांडेय, इंद्रसेन सिंह, राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।
समापन कार्यक्रम में ऐसा पहली बार देखने को मिला कि प्राइमरी और मिडिल स्कूल की प्रतियोगिता में कान्वेंट स्कूल की बालिकाओं ने मां सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। आश्चर्य की बात तो यह रही, कि बालिकाएं कान्वेंट स्कूल का ड्रेस पहने हुई थीं। इसके बावजूद संचालक बालिकाओं को परिषदीय स्कूल का बताते रहे।