शहर के जीआईसी में माध्यमिक शिक्षक संघ के शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी ने तदर्थ शिक्षकों को भरोसा दिया है कि उनकी नौकरी खतरे में नहीं है। शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी ने कहा है कि तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण का मुद्दा विधान परिषद के सदन में और सदन के बाहर दोनों जगह गूंजेगा। उन्होंने कहा कि अगर हम लोगों ने तदर्थ शिक्षकों की लड़ाई नहीं लड़ी तो हमारा संगठन ही कमजोर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन में 85 प्रतिशत शिक्षक तदर्थ हैं।
उन्होंने जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित नई कार्यकारिणी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों का शोषण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सुप्रीमकोर्ट में दाखिल याचिका से कुछ साथियों की नौकरी पर आए संकट के बाबत डीआईओएस से मिलकर ज्ञापन सौंपने की बात कही है। जिला मंत्री आलोक शुक्ला ने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों के मान-सम्मान के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने पाएगा। संरक्षक रामचंद्र सिंह ने शिक्षक का विधायक का स्वागत किया और नवीन कार्यकारिणी से परिचित कराया।