तहसील क्षेत्र के झींगुर-हरनाहर रोड से होकर चलने वाले एक लाख लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। 12 करोड़ 24 लाख रुपये से इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का बजट पास हो गया है। 29 जनवरी को इसका शिलान्यास एमएलसी गोपालजी करेंगे।
क्षेत्र के झींगुर से हरनाहर को जाने वाली सड़क काफी दिनों से जर्जर हो गई थी। लोगों की शिकायतों को देखते हुए कबीना मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने इसके सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण के लिए बजट पास करवा लिया है। इस सड़क का 29 जनवरी को एमएलसी गोपालजी शिलान्यास करेंगे।
इस सड़क के बन जाने से एक लाख से अधिक यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इसके पूर्व क्षेत्र में भिटारा से कुंडा वाया शकरदहा, बिहार संपर्क मार्ग व किलहनापुर से मानिकपुर वाया गोतनी, बेती जाने वाली सड़क का शिलान्यास हो चुका है। कबीना मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए स्वीकृति दिलाने के साथ ही इन दोनों सड़कों का शिलान्यास भी कर दिया है। बाबागंज प्रमुख पंकज सिंह ने बताया कि 29 को शिलान्यास होने के बाद से इस पर जल्द ही काम भी लग जाएगा।