प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लीलापुर का दिनों दिन हालात बिगड़ती जा रहा है। एक ओर चिकित्सक कभी कभार आते हैं तो दूसरी ओर अस्पताल परिसर में गंदगी का अंबार है। इस ओर सीएमओ का ध्यान नहीं पड़ रहा है। लक्ष्मणपुर ब्लाक के लीलापुर गांव में चार बेड का प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बना है। स्वास्थ्य केन्द्र पर डॉक्टर प्रेमशंकर सोनवानी के साथ ही फार्मासिस्ट मान सिंह, वार्ड ब्वाय रमापति तिवारी, लैब टेक्नीशियन बुधिराम की तैनाती है। यहां स्वास्थ्यकर्मी मनमानी पर उतारू हो गए हैं और वह कभी-कभार ही आते हैं।
क्षेत्र में कोई स्वास्थ्य केन्द्र न होने से आए दिन मरीजों की भीड़ भी लगती है। इसके बाद भी स्वास्थ्यकर्मी नहीं आते हैं। इससे मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गांव में स्वास्थ्य केन्द्र होते हुए भी सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों को दवा लेने के लिए लक्ष्मणपुर पीएचसी या फिर जिला अस्पताल का चक्कर काटना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत लक्ष्मणपुर पीएचसी के प्रभारी डॉ. संजय गुप्ता से की, मगर उनका भी ध्यान इस ओर नहीं पड़ रहा है। इससे क्षेत्रीय लोग बेहद परेशान हैं। क्षेत्र के मुन्नालाल, अद्यानारायण शुक्ल, प्रमोद सरोज, शीतला प्रसाद, संजय तिवारी, कैलाश चन्द्र, रमेश कुमार, प्रदीप कुमार आदि लोगों ने इसकी शिकायत लक्ष्मणपुर पीएचसी अधीक्षक से की है।